ETV Bharat / state

हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां घोषित, क्लास में टीचर का मोबाइल यूज़ करना बैन

हरियाणा और चंडीगढ़ में बढ़ती गर्मी के चलते गर्मी की छुट्टियों की घोषणा कर दी गई है.

Summer vacations declared in Haryana and Chandigarh schools
हरियाणा और चंडीगढ़ में गर्मियों की छुट्टियां घोषित (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : May 20, 2026 at 7:17 PM IST

|

Updated : May 20, 2026 at 8:17 PM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : लगातार बढ़ती गर्मी ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. वहीं इस सबके बीच बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकारें भी सतर्क हो गईं हैं. बच्चों की स्कूलों की छुट्टियां भी समय से पहले घोषित हो गईं हैं. हरियाणा सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों की छुट्टियों की तारीखों का ऐलान कर दिया है जिसके तहत अगले सप्ताह से हरियाणा और चंडीगढ़ में स्कूल बंद हो जाएंगे.

हरियाणा में 25 मई से गर्मी की छुट्टियां : चंडीगढ़ में हरियाणा शिक्षा विभाग की सीएम ने बैठक ली. ये बैठक करीब दो घंटे चली. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान कर दिया. सरकार के मुताबिक 25 मई से 30 जून तक हरियाणा के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा.

Summer vacations declared in Haryana and Chandigarh schools
हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (ETV Bharat)

पाठ्यक्रम में श्रमदान अनिवार्य : बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के सुझावों को स्वीकार करते हुए हरियाणा के सरकारी विद्यालयों के पाठ्यक्रम में श्रमदान को अनिवार्य किए जाने का निर्णय लिया गया. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों में अनुशासन, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके.

क्लास में टीचर यूज़ नहीं कर सकेंगे मोबाइल फोन : शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्री के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शिक्षक कक्षा में मोबाइल फोन लेकर नहीं जाएंगे. शिक्षकों के मोबाइल विद्यालय में प्रधानाचार्य कक्ष में जमा रहेंगे तथा शिक्षण कार्य के दौरान मोबाइल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.

मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालयों की शुरुआत : इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री उत्कृष्टता एवं प्रारंभिक अंग्रेजी विद्यालयों की शुरुआत की. वर्ष 2026-27 के बजट घोषणा के अनुरूप पहले चरण में चिन्हित 250 विद्यालयों का शुभारंभ किया गया. इन विद्यालयों को प्रधानमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय और आदर्श विद्यालयों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. ये विद्यालय हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध होंगे तथा इनमें हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. विद्यालयों में आधुनिक संसाधन, बेहतर आधारभूत ढांचा, प्रयोगशालाएं, स्मार्ट कक्षाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था विकसित की जाएगी. शिक्षकों और प्रधानाचार्यों का चयन स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके.

आधारभूत संरचना और सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश : मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवनों और आधारभूत संरचना को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि निर्माण शाखा को एकीकृत किया जाए और स्कूल भवनों की डिजाइन एकरूपता और गुणवत्ता के आधार पर तैयार की जाए, जिससे अव्यवस्थित संरचनाओं से बचा जा सके. उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालय भवनों को जर्जर अथवा अनुपयोगी घोषित किया गया है, वहां नए भवनों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. साथ ही विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बागवानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं. मुख्यमंत्री ने खराब एवं अनुपयोगी शौचालयों की शीघ्र मरम्मत तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने सभी विद्यालयों की चारदीवारी की मरम्मत को प्राथमिकता से पूरा करने के लिए कहा तथा स्पष्ट किया कि संबंधित कार्यों की गुणवत्ता का निरीक्षण विद्यालय प्रबंधन समिति और प्रधानाचार्य द्वारा किया जाए तथा संतोषजनक रिपोर्ट के बाद ही भुगतान किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन गांवों में प्राथमिक विद्यालय की आवश्यकता है, वहां मांग के अनुसार नए विद्यालय स्थापित किए जाएं. साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए.

Summer vacations declared in Haryana and Chandigarh schools
हरियाणा सीएम ने की बैठक (ETV Bharat)

स्मार्ट कक्षाएं, जवाबदेही और शिक्षकों की व्यवस्था पर जोर : मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं को पूरी तरह कार्यशील बनाया जाए तथा जहां तकनीकी अथवा अन्य कारणों से वे संचालित नहीं हो रही हैं, वहां तत्काल सुधार किया जाए. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने विद्यालयों में सूचना प्रौद्योगिकी सुविधाओं को पूर्ण रूप से कार्यशील दर्शाते हुए गलत रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति भिन्न पाई गई, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी अथवा अनुपस्थिति की स्थिति है, वहां स्मार्ट कक्षाओं और द्वि-दिशात्मक प्रणाली के माध्यम से लाइव कक्षाएं संचालित की जाएं. साथ ही जहां शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नियमित व्यवस्था होने तक सेवा देने के इच्छुक सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं स्वैच्छिक आधार पर ली जा सकती हैं तथा नियमानुसार मानदेय उपलब्ध कराया जा सकता है.

खेल गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर : विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने खेल अवधि को अनिवार्य रूप से प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा उसकी समुचित योजना बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यालय ऐसा वातावरण विकसित करें, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रत्येक कक्षा में बेहतर सीखने का अनुभव महसूस हो. मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसरों में बागवानी और वृक्षारोपण कार्य का सर्वेक्षण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण और रखरखाव को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और बेहतर शैक्षणिक परिणामों पर विशेष ध्यान देने को कहा.

विद्यालय प्रबंधन को मजबूत करने के निर्देश : विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकों को नियमित और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए. इसके लिए एक त्वरित पोर्टल विकसित किया जाए, जिसमें बैठक का एजेंडा, कार्यवृत्त और समीक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध हो तथा संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग के अधिकारी नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करें. साथ ही जिला स्तर के प्रथम श्रेणी अधिकारी समय-समय पर विद्यालयों का दौरा कर विद्यार्थियों से संवाद करें, व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और अपनी रिपोर्ट पोर्टल पर उपलब्ध कराएं. बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में सफाई कर्मचारी, चौकीदार अथवा अन्य आवश्यक पद रिक्त हैं, वहां शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यालयों का संचालन बेहतर ढंग से हो सके. इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया कि प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के रखरखाव एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली राशि 36 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये की जाएगी, जिससे विद्यालयों की रखरखाव व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके.

चंडीगढ़ में 23 मई से गर्मी की छुट्टियां : इस बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने चंडीगढ़ के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए 2026 की छुट्टियों का शेड्यूल जारी कर दिया है. जिला शिक्षा कार्यालय और शिक्षा सचिव प्रेरणा पुरी द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गर्मियों की छुट्टियां 23 मई से 30 जून, 2026 तक रहेंगी, हालांकि 29 और 30 जून शिक्षकों के लिए काम के दिन रहेंगे. पतझड़ की छुट्टियां 7 नवंबर से 11 नवंबर तक रहेंगी, जबकि सर्दियों की छुट्टियां 26 दिसंबर, 2026 से 7 जनवरी, 2027 तक रहेंगी.

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App

ये भी पढ़ें : "राहुल गांधी का दिमागी संतुलन बिगड़ा, किसी अच्छे डॉक्टर से करवाएं इलाज", हरियाणा CM ने दी सलाह

ये भी पढ़ें : "राहुल गांधी होश खो चुके, विधानसभा में प्रस्ताव लाएंगे", अनिल विज ने ममता बनर्जी को बताया अड़ंगेबाज

ये भी पढ़ें : "बंगाल के बाद पंजाब में खिलेगा ''कमल'', सोनीपत में बोले सीएम सैनी, निकाय चुनाव में भी मिलेगी बंपर जीत

Last Updated : May 20, 2026 at 8:17 PM IST