सुक्खू सरकार ने 84 नई पंचायतों के गठन को दी मंजूरी, हिमाचल में फिर बदला पंचायतों का गणित
हिमाचल में 84 नई पंचायतों के गठन को मिली मंजूरी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 9:09 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायती व्यवस्था का गणित रविवार को एक बार फिर बदल गया है. प्रदेश की ग्राम पंचायतों की संख्या अब बढ़कर 3704 हो गई है. प्रदेश सरकार ने 84 नई पंचायतों के गठन को मंजूरी प्रदान कर दी.
पंचायतीराज विभाग ने सरकार को 110 नई पंचायतों के गठन का प्रस्ताव भेजा था. अंतिम निर्णय लेने के लिए नई पंचायतों के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह के समक्ष रखा गया था. ऐसे में सरकार के ताजा निर्णय के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में हलचल तेज हो गई है. वहीं, नई पंचायत बनने से लोगों में उत्साह है.
लंबे समय से जनसंख्या वृद्धि, भौगोलिक विस्तार और स्थानीय जरूरतों के आधार पर पंचायतों के पुनर्गठन की मांग उठती रही थी. जिसमें सरकार ने तीन चरणों में 127 नई पंचायतों के गठन को हरी झंडी दी है. इस तरह अब संख्या 3704 तक पहुंच गई है.
पंचायतों की संख्या बढ़ने से विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा. छोटे दायरे में प्रशासनिक इकाइयों के होने से लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और समस्याओं का समाधान भी तेजी से संभव होगा.
तीन चरणों में बनी 127 पंचायतें
हिमाचल में अब तक तीन चरणों में कुल 127 पंचायतों का गठन हो चुका है. इसमें पहले चरण में 4 नई पंचायतों का गठन किया गया था. इसके बाद दूसरे चरण में 39 और पंचायतें बनाई गईं. जिसको लेकर पंचायती राज विभाग ने 27 फरवरी को अधिसूचना जारी की थी.
पंचायतीराज विभाग ने दूसरे चरण में 40 नई पंचायतों का प्रस्ताव सरकार को भेजा था, जिसमें मंडी की एक पंचायत के गठन में अभी पेंच फंसा हुआ है. इसी तरह से तीसरे चरण में सरकार ने 84 और नई पंचायतों को मंजूरी दी है. पंचायती राज विभाग ने इस बार 110 नई पंचायतें बनाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था.
बता दें कि प्रदेश में पहले पंचायतों की संख्या 3577 थी. ऐसे में 127 नई पंचायतें बनने से प्रदेश में अब यह आंकड़ा 3704 हो गया है.
ये भी पढ़ें: हाईटेक तरीके से होगी शिमला शहर की सफाई, गोबलर मशीन का हुआ ट्रायल

