हिमाचल में रिटायरमेंट से एक महीने पहले इस IAS को मिला बड़ा तोहफा, अब अगले 6 साल तक संभालेंगी ये नई जिम्मेवारी
हिमाचल प्रदेश की आईएएस ऑफिसर राखिल काहलो को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 26, 2025 at 6:29 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की नौकरशाही में एक IAS ऑफिसर के लिए इस साल के चल रहे अंतिम सप्ताह में सुख की खबर सामने आई है. प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने रिटायरमेंट से ठीक एक महीने पहले वरिष्ठ IAS अधिकारी राखिल काहलो को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) का सदस्य नियुक्त किया है. यह नियुक्ति राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी एक अहम फैसला मानी जा रही है. इसको लेकर मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से अधिसूचना जारी की गई है. सरकार की अधिसूचना के अनुसार राखिल काहलो आगामी छह वर्षों तक हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं देंगी.
लोक सेवा आयोग राज्य में राजपत्रित और कुछ अराजपत्रित पदों पर भर्ती परीक्षाएं आयोजित करता है. इस तरह प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और गुणवत्ता को लेकर लोक सेवा आयोग में राखिल काहलो की भूमिका अब बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है. वहीं, प्रशासनिक सेवा में अपनी पहचान रखने वाली राखिल काहलो को रिटायरमेंट से ठीक पहले मिला यह “तोहफा” उनके अनुभव और प्रशासनिक सूझबूझ पर सरकार के भरोसे को भी दर्शाता है.
जल शक्ति विभाग का जिम्मा देख रही काहलो
प्रदेश सरकार में वरिष्ठ IAS अधिकारी राखिल काहलो अभी सचिव जल शक्ति विभाग का जिम्मा देख रही हैं. बैच 2008 की IAS ऑफिसर राखिल नए साल में 31 जनवरी को रिटायर होंगी. लेकिन रिटायरमेंट से एक महीने पहले उन्हें हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग में सदस्य का नया जिम्मा सौंपा गया है. ऐसे में अब वे इस पर अगले छह साल के लिए दायित्व संभालेंगी. वहीं, इससे पहले राखिल काहलो सचिव आयुष, डिविजनल कमिश्नर मंडी व सचिव डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस सहित विभिन्न विभागों में सेवाएं दे चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: 'चिट्टा सप्लाई में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों की सूची तैयार, सख्त कार्रवाई होनी तय', CM सुखविंदर ने दी चेतावनी

