ETV Bharat / state

चंडीगढ़ में सुखना झील का जलस्तर बढ़ा, एहतियातन 3 इंच खोला गया रेडियल गेट

मानसून की बारिश में सुखना झील का जलस्तर बढ़ गया जिसके बाद एहतियातन रेडियल गेट को तीन इंच खोला गया है.

Sukhna Lake water level rises radial gate opened by three inches as a precautionary measure
चंडीगढ़ में सुखना झील का जलस्तर बढ़ा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 30, 2026 at 11:00 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

चंडीगढ़ : मानसून के दौरान सुखना झील का जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. रविवार को झील का जलस्तर 1162.95 फीट तक पहुंचने के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए रात करीब 8:30 बजे रेडियल गेट नंबर-1 को तीन इंच खोल दिया गया. प्रशासन का कहना है कि यह कदम झील के जलस्तर को नियंत्रित रखने और किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति को रोकने के लिए उठाया गया है.

लगातार निगरानी रखने के निर्देश : चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अनुसार, मानसून सीजन को देखते हुए सुखना झील और इसके आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही जरूरी इंतजाम किए गए हैं. झील का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में समय रहते पानी की निकासी की जा सके, इसके लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. पानी छोड़े जाने के मद्देनजर चंडीगढ़, एसएएस नगर (मोहाली) और पंचकूला के उपायुक्तों को भी सूचित किया गया है. संबंधित प्रशासन से निचले इलाकों में सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां सुनिश्चित करने को कहा गया है.

जरूरत पड़ने पर अहम कदम उठाए जाएंगे : इंजीनियरिंग विभाग ने सुखना झील के रेगुलेटर एंड पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की है. मानसून के दौरान जलस्तर पर लगातार नजर रखने के लिए अधिकारियों की ड्यूटी पहले ही तय कर दी गई है. मौसम और झील के जलस्तर में बदलाव के अनुसार जरूरत पड़ने पर पानी की निकासी समेत अन्य कदम उठाए जाएंगे.प्रशासन के मुताबिक, कैचमेंट एरिया से झील में आने वाले पानी के कारण जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सरकारी संपत्ति और बुनियादी ढांचे को किसी तरह का नुकसान न हो, इसे ध्यान में रखते हुए ये इंतजाम किए गए हैं. फिलहाल विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जलस्तर के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी

हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, लोकसभा चुनाव से जुड़ी हर ख़बर, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App