सिवान रेलवे स्टेशन पर सूटकेस मिलने से हड़कंप, बम निरोधक दस्ता पहुंचा
सिवान रेलवे स्टेशन पर सूटकेस मिलने से हड़कंप मच गयी. आनन फानन में बम निरोधक दस्ता को सूचना दी गयी है. रिपोर्ट-इमरोज अहमद

Published : August 21, 2026 at 11:34 AM IST
सिवान: सिवान जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर शुक्रवार को लावारिस हालत में एक संदिग्ध सूटकेस मिलने से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. प्लेटफॉर्म संख्या एक से दो की ओर जाने वाले फुट ओवरब्रिज पर सूटकेस नजर आते ही आरपीएफ के जवान तुरंत सतर्क हो गए.
मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद प्लेफार्म सील: सूटकेस की सूचना मिलते ही आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव मेटल डिटेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सूटकेस की जांच शुरू कराई. जांच के दौरान मेटल डिटेक्टर से संकेत मिलने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने एहतियाती कदम उठाते हुए सूटकेस वाले पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी.

ट्रेनों का परिचालन रोका गया: यात्रियों की सुरक्षा और आवाजाही रोकने के लिए स्वचालित सीढ़ी को भी तुरंत बंद कर दिया गया. सुरक्षा के कड़े मद्देनजर प्लेटफॉर्म संख्या एक से कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन भी रोक दिया गया. संदिग्ध सूटकेस की खबर फैलते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई.
बम निरोधक दस्ते की मांग: आरपीएफ निरीक्षक ने तत्काल वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और छपरा से बम निरोधक दस्ते को बुलाने की मांग की. इस बीच नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार भी सशस्त्र बलों के साथ सीवान जंक्शन पहुंचे और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
स्थानीय यात्रियों से पूछताछ: सुरक्षा कर्मियों ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से गहन पूछताछ की. प्रारंभिक जानकारी में सूटकेस किसी यात्री का होने की बात सामने आई, लेकिन सुरक्षा जांच पूरी होने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई. आरपीएफ निरीक्षक ने कहा कि बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.

"एहतियात के तौर पर सूटकेस वाले स्थान को चारों तरफ से घेरकर रखा गया. फिलहाल प्लेटफॉर्म संख्या एक से ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कर दिया गया है. स्टेशन अधीक्षक मुकेश कुमार सिंह भी इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार अपनी पैनी नजर बनाए रहे." -सुभाष चंद्र यादव, आरपीएफ निरीक्षक, सिवान
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: सीवान जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण और व्यस्त रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध सूटकेस मिलने से यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे. हालांकि, आरपीएफ और पुलिस की तत्परता से स्थिति को समय रहते पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया.
अप्रिय घटना की आशंका टली: सुरक्षा बलों की सक्रियता से किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को टालने में कामयाबी मिली. सूटकेस में आखिर क्या था, इसका अंतिम खुलासा सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस प्रशासन फिलहाल मामले की तहकीकात में जुटा हुआ है.
ये भी पढ़ें: पटना HC और पुलिस मुख्यालय को उड़ाने की धमकी देने वाला पहुंचा जेल, प्रोफाइल जानकर चौंक जाएंगे

