कवर्धा के अन्नदाताओं के लिए अच्छी खबर, सरकार ने गन्ना किसानों का किया फुल पेमेंट
भोरमदेव शक्कर कारखाना, गन्ना किसानों को दो साल में 300 करोड़ का भुगतान

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : December 6, 2025 at 7:34 PM IST
कवर्धा: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कवर्धा में किसानों को राहत और खुशखबरी मिली है. यहां के गन्ना किसानों का दो साल का भुगतान भोरमदेव शक्कर कारखाने ने किया है. इससे किसानों को खुशहाली मिली है. यह सब छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निरंतर प्रयास की वजह से मुमकिन हुआ है.
गन्ना किसानों को शत प्रतिशत भुगतान
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिली है. यहां पेराई सत्र 2024-25 में किसानों को शत-प्रतिशत भुगतान किया गया है. यह कार्य कर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने रिकॉर्ड दर्ज किया है. साल 2024-25 में कारखाना ने अपनी स्थापना के इतिहास में सर्वाधिक रिकवरी रेट हासिल कर पूरे देश में टॉप स्थान प्राप्त किया. लगातार बढ़ती रिकवरी ने किसानों की आय में सीधा इजाफा किया है. अब किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आ रही है.

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने में हुए सुधार कार्य
कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने में बीते दो सालों से सुधार कार्य किया जा रहा है. कारखाने की कार्यप्रणाली में सुधार किया गया है. इसके अलावा चीनी मिल में तकनीकी उन्नयन और पारदर्शी भुगतान की प्रक्रिया को अपनाया है. इस शक्कर कारखाने में साल 2023-24 और 2024-25 में कुल 23 हजार 778 किसानों को 300.30 करोड़ रुपये का भुगतान दिया गया है.

सीजन 2023-24 में 12052 किसानों को 173.83 करोड़ रुपये तथा 2024-25 में 11726 किसानों को 126.53 करोड़ रुपये का भुगतान दिया गया है. उच्च रिकवरी दर ने तयशुदा मूल्य के अतिरिक्त किसानों को अतिरिक्त रिकवरी एरियर्स का लाभ भी मिला है. जिससे किसानों को फायदा हुआ है.
किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कृषि तथा सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के हर प्रयास जारी रहेंगे. कारखाने की उपलब्धियों से न केवल किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा मिली है- विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़
डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल लाई रंग
डिप्टी सीएम विजय शर्मा की पहल से भोरमदेव शक्कर कारखाने में लगातार सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. 30 लाख रुपये की लागत से कारखाना परिसर में सर्वसुविधायुक्त किसान विश्रामगृह बलराम सदन की स्थापना हुई है. इससे किसानों को कई तरह की सहूलियत मिल रही है. डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना आज प्रदेश में संवेदनशील नेतृत्व और संकल्प के साथ सकारात्मक बदलाव का साक्षी बन रहा है.

