चीनी के स्टॉक से लेकर वंदे मातरम विवाद तक, कांग्रेस पर बरसे अजय भट्ट, जानिये क्या कहा
अजय भट्ट ने वंदे मातरम, चीनी के स्टॉक और जेपीसी को लेकर बयान दिये हैं. अपने बयानों में उन्होंने कांग्रेस को घेरा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : August 23, 2026 at 4:24 PM IST
रामनगर: नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने रामनगर में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर वंदे मातरम, चीनी के स्टॉक और जेपीसी कमेटी जैसे मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा. वंदे मातरम को लेकर उन्होंने कहा कि संसद से कानून पारित होने के बाद अब यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की निजी पसंद का विषय नहीं रह गया है. सभी को देश के कानून का पालन करना चाहिए. कानून का उल्लंघन करने पर दंड का भी प्रावधान होता है.
अजय भट्ट ने कहा कि उन्हें इस बात का खेद है कि विपक्षी दल वंदे मातरम को लेकर अलग-अलग स्टैंडर्ड की बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा यह किसी के घर या किसी राजनीतिक पार्टी का कानून नहीं, बल्कि संसद द्वारा पारित कानून है. उन्होंने कांग्रेस पर कानून और व्यवस्थाओं का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि कोई कानून नहीं मानेगा तो आने वाले समय में जनता ऐसे लोगों और दलों को पूरी तरह इग्नोर कर देगी.
अजय भट्ट ने अपने बयान में आपातकाल का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान पत्रकारों को परेशान किया गया. सेंसरशिप लगाई गई और बड़ी संख्या में लोगों को जेल भेजा गया. उन्होंने कहा उस दौर में न्यायपालिका को भी प्रभावित करने की कोशिश की गई. अजय भट्ट ने दावा किया कि उस समय भी जनता ने कांग्रेस को उसकी स्थिति का एहसास करा दिया था.
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश में चीनी के स्टॉक के नौ साल के निचले स्तर पर पहुंचने और कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर उठाए गए सवालों पर भी अजय भट्ट ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा चीजों में कभी-कभी उतार-चढ़ाव होता रहता है, लेकिन देश में चीनी की कोई कमी नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है. जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी.
ई-20 नीति को लेकर अजय भट्ट ने सरकार का बचाव किया. उन्होंने कहा कि चीनी को लेकर स्थिति को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है. व्यवस्थाएं जल्द ठीक होंगी. जेपीसी कमेटी को लेकर अजय भट्ट ने कहा कि सरकार चाहती तो यह कह सकती थी कि आंदोलन खत्म हो गया. उन्होंने कहा आने वाली पीढ़ी के मन में कई सवाल और शंकाएं हैं. कमेटी के माध्यम से इन सवालों को सामने लाकर उनका जवाब और समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा.
रामनगर में चल रहे कार्यक्रम को लेकर अजय भट्ट ने कहा कि कार्यक्रम में अभी एक दिन बाकी है. उन्होंने बताया सांसद अनिल बलूनी समेत जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि और ब्लॉक प्रमुख भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे. उन्होंने आयोजन को जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण मंच बताया.
पढ़ें- वंदे मातरम विवाद हरीश रावत का बयान, बोले- राष्ट्रगीत मामले में डकैती कर रही भाजपा

