'हिमाचल में चल रही कांग्रेस के 'मित्रों की सरकार'.. जनता परेशान', सुक्खू सरकार पर क्यों भड़के सुधीर शर्मा?
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार को 'मित्रों की सरकार' कहा है. उन्होंने कहा कि जनता परेशान है और सरकार आयोजनों में व्यस्त है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 21, 2025 at 8:10 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भाजपा विधायक और वरिष्ठ नेता सुधीर शर्मा ने तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस समय जनता की नहीं, बल्कि 'मित्रों की सरकार' चल रही है. बेरोजगारी, आर्थिक संकट, कर्मचारियों-पेंशनरों की समस्याएं और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली जैसे गंभीर मुद्दों से प्रदेश जूझ रहा है, लेकिन सरकार का ध्यान क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित करवाने में लगा हुआ है.
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है. युवा बेरोजगार हैं, कर्मचारी और पेंशनर अपने हक के लिए भटक रहे हैं, अस्पतालों में संसाधनों की भारी कमी है. इसके बावजूद कांग्रेस सरकार जनहित के मुद्दों को छोड़कर ऐसे आयोजनों में व्यस्त है, जिनका आम जनता से कोई सरोकार नहीं है.
आयुष विभाग के पत्र पर उठाए सवाल
भाजपा विधायक ने आयुष विभाग, हिमाचल प्रदेश की ओर से हाल ही में जारी एक पत्र का हवाला देते हुए कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े संवेदनशील विभाग का दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आयुष विभाग का उद्देश्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देना, जनस्वास्थ्य को मजबूत करना और शोध कार्य करना है, न कि सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन कराना.

जनहित के मुद्दे दरकिनार
सुधीर शर्मा ने कहा कि आयुष विभाग से जुड़े चिकित्सकों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों की कई गंभीर समस्याएं हैं. अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी है, बुनियादी ढांचा जर्जर हालत में है और कई कर्मचारियों के भुगतान लंबित हैं. लेकिन इन समस्याओं के समाधान की बजाय सरकार विभागीय लेटरहेड और सरकारी मशीनरी का उपयोग निजी प्रचार और मित्र-परस्ती के लिए कर रही है.
सरकारी विभाग या इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी?
भाजपा विधायक ने सवाल उठाया कि क्या आयुष विभाग अब सरकारी विभाग रह गया है या कांग्रेस सरकार के मित्रों के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी बन गया है. उन्होंने कहा कि सरकारी पत्रों में स्पॉन्सरशिप, बैंक खाते और योगदान की अपील यह दर्शाती है कि किस तरह सरकारी पद और विभागों का इस्तेमाल निजी हितों के लिए किया जा रहा है.
सुधीर शर्मा ने स्पष्ट किया कि भाजपा इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाएगी. आयुष मंत्रालय के दुरुपयोग, सरकारी पदों के निजी इस्तेमाल और मित्रों को लाभ पहुंचाने की नीति पर कांग्रेस सरकार से जवाब मांगा जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और कांग्रेस की मित्र-परस्त, दिशाहीन और गैर-जिम्मेदार सरकार को बेनकाब करती रहेगी.
ये भी पढ़ें: मनरेगा पर हिमाचल में होगा बड़ा आंदोलन, CM सुक्खू ने किया ऐलान

