बिहार में महंगाई का एक और झटका, सुधा दूध 2 रुपए हुआ महंगा
सुधा डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 रुपए का इजाफा किया है. इससे बिहार के लोगों की जेब पर जोरदार झटका लगने वाला है-

Published : May 21, 2026 at 8:26 PM IST
पटना : बिहार में आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका लगा है. बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन यानी कंफेड ने सुधा दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें लागू होने के बाद अब ग्राहकों को हर लीटर दूध पर 2 रुपए ज्यादा खर्च करने होंगे. इससे पहले अमूल ने भी दो रूपए प्रतिलीटर की बढ़ोतरी की है.
गोल्ड और शक्ति दूध के दाम बढ़े : पहले सुधा गोल्ड दूध 65 रुपए प्रति लीटर मिलता था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 67 रुपए प्रति लीटर हो गई है. वहीं सुधा शक्ति दूध जो पहले 57 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था, अब ग्राहकों को 59 रुपए प्रति लीटर खरीदना पड़ेगा.
महंगा हुआ सुधा दूध : इसके अलावा कॉउ मिल्क की कीमत में भी 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. पहले यह दूध 54 रुपए प्रति लीटर मिलता था, जो अब 56 रुपए प्रति लीटर हो गया है. यानी लोगों को महंगाई का जोरदार झटका लगने जा रहा है.
अन्य डेयरियों के दाम भी बढ़ने की संभावना : राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों में सुधा के अलावा अमूल, आशीर्वाद समेत अन्य डेयरी कंपनियों के उत्पाद भी बिकते हैं. माना जा रहा है कि सुधा दूध के दाम बढ़ने के बाद दूसरी कंपनियां भी जल्द अपने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं.
पनीर और मिठाई पर फिलहाल राहत : दूध की कीमत बढ़ने के बीच राहत की बात यह है कि फिलहाल पनीर, खोवा, छेना और उनसे बनने वाली मिठाइयों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी उपभोक्ताओं को इन उत्पादों के लिए अभी अतिरिक्त पैसे नहीं चुकाने होंगे.
आम लोगों की जेब पर बढ़ेगा बोझ : लगातार बढ़ती महंगाई के बीच दूध की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ेगा. खासकर रोजाना दूध का इस्तेमाल करने वाले परिवारों का मासिक बजट अब और बढ़ सकता है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य डेयरी कंपनियां भी अपने उत्पादों के दाम बढ़ा सकती हैं, जिससे महंगाई का असर और तेज हो सकता है.
ये भी पढ़ें- महंगाई का झटका! Amul के बाद मदर डेयरी ने भी बढ़ा दिए दूध के दाम, 14 मई से लागू होगी नई कीमत

