ETV Bharat / state

रिम्स में 5 वर्षीय बच्ची की सफल ओपन हार्ट सर्जरी, आयुष्मान योजना के तहत मिला नि:शुल्क उपचार

RIMS में पांच साल की बच्ची की सफल ओपन हार्ट सर्जरी हुई. बच्ची जन्म से हृदय रोग से पीड़ित थी.

successful-open-heart-surgery-of-girl-at-rims
सर्जरी करते डॉक्टर (सौ. रिम्स)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : May 31, 2026 at 1:26 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स के कार्डियोथोरेसिक विभाग ने पिछले सोमवार को जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 05 वर्षीय बच्ची की सफल ओपन हार्ट सर्जरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. रिम्स के जनसंपर्क अधिकारी डॉ शिशिर कुमार महतो ने इसकी जानकारी दी है.

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बच्ची के हृदय में जन्म से छेद (सेप्टल डिफेक्ट) था, जिसके कारण उसे सांस फूलना, बार-बार निमोनिया होना, धड़कन तेज होना तथा वजन न बढ़ने जैसी गंभीर समस्याएं हो रही थी. राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी (CTVS) विभाग द्वारा बच्ची का इकोकार्डियोग्राफी और कार्डियक सीटी जांच के बाद बीमारी की पुष्टि हुई थी.

चिकित्सकों के अनुसार, समय पर उपचार न मिलने पर ऐसी स्थिति फेफड़ों के दबाव में वृद्धि और आगे चलकर गंभीर जटिलताओं का कारण बन सकती थी. सर्जरी के दौरान हृदय के छेद को सफलतापूर्वक बंद किया गया. ऑपरेशन के बाद बच्ची की स्थिति स्थिर है और उसके लक्षणों में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है. यह उपचार आयुष्मान योजना के तहत पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया.

विभाग ने 28 मई को बच्ची का पांचवां जन्मदिन भी अस्पताल परिसर में स्नेह एवं उल्लास पूर्वक मनाया. इस सफल सर्जरी का नेतृत्व डॉ. राकेश चौधरी ने किया. कार्डिएक एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व प्रो. डॉ. शिव प्रिये और डॉ. मुकेश कुमार ने किया. जबकि रेजिडेंट डॉक्टरों, ओटी असिस्टेंट्स, परफ्यूजनिस्ट, आईसीयू नर्सिंग एवं फ्लोर स्टाफ ने मरीज की त्वरित और समन्वित देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. मरीज के परिजनों ने सफल उपचार और संवेदनशील देखभाल के लिए रिम्स के कार्डियोथोरेसिक विभाग, चिकित्सकों और समस्त स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया है. जल्द ही पूर्ण स्वस्थ होकर बच्ची अपने घर लौट जाएगी.