ETV Bharat / state

बीजापुर में नक्सलवाद का किला ढहा, दो साल में 200 से ज्यादा नक्सली मारे गए- एसपी जितेंद्र यादव

बीजापुर नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को अहम कामयाबी मिल रही है. एसपी जितेंद्र यादव ने यह दावा किया है.

Bijapur SP Jitendra Yadav
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : March 1, 2026 at 3:47 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बीजापुर: नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत सुरक्षाबलों को अहम कामयाबी मिल रही है. जिले के एसपी जितेंद्र यादव ने यह दावा किया है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि मौजूदा दौर में बीजापुर में केवल 5 से 10 फीसदी नक्सली बचे हैं. जिनमें से अधिकांश भटके हुए युवा कैडर हैं. साल 2024 से चलाए जा रहे नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को लगातार सफलता मिल रही है.

नक्सल ऑपरेशन में अहम सफलता

बीजापुर एसपी डॉक्टर जितेंद्र यादव ने कहा कि साल 2024 से 2026 के बीच नक्सल ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को अहम सफलता मिली है. अब तक दो साल में कुल 234 नक्सली मारे गए हैं. 1181 माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 918 नक्सलियों ने सरेंडर कर हिंसा का रास्ता छोड़ दिया है. नक्सल एनकाउंटर में कई टॉप नक्सलियों का काम तमाम हुआ है.

नक्सल एनकाउंटर में कई टॉप नक्सली ढेर

बीजापुर एसपी ने बताया कि मारे गए नक्सलियों में नरसिम्हा चालम उर्फ गौतम उर्फ सुधाकर, डीकेएसजेडसी भास्कर राव, डीवीसीएम नागेश, हंगा कर्मा, दिलीप बेड़जा औक कन्ना बुच्चना शामिल है. इसके अलावा नक्सली उर्मिला, वेल्ला और रैनू जैसे बड़े माओवादी कैडर भी मारे गए हैं. जिनकी गतिविधियों से क्षेत्र में लंबे समय तक आतंक का माहौल बना रहा. गिरफ्तार किए गए माओवादियों में संगठन के सक्रिय और प्रभावशाली कैडर शामिल हैं.

कई बड़े नक्सली हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार होने वाले नक्सलियों में नक्सली डीवीसीएम मल्लेश कुंजाम, एसीएम ताती मैनी उर्फ जिमो, अशोक पुंगाटी, पालो कवासी पाण्डू ककेम, रत्तु उरसा और लक्ष्मी पुनेम के नाम प्रमुख हैं.इनके अलावा सरेंडर करने वाले नक्सलियों में डीकेएसजेडसी इपा जगदीश, डीवीसीएम दिनेश मोड़ियम, विनोद कर्मा, जग्गू माड़, सोनू हेमला और लच्छु पूनेम उर्फ संतोष हुंगी जैसे बड़े नाम शामिल हैं, जो अब समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं.

635 नक्सलियों ने किया सरेंडर

साल 2025 में लागू पूना मारगेम योजना के तहत 635 माओवादी कैडर ने हिंसा त्यागकर पुनर्वास का मार्ग चुना. अब तक कुल 302 पुनर्वासित माओवादी विभिन्न ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त किया है. ये सरेंडर नक्सली शासन की योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भर बनकर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं- डॉक्टर जितेंद्र यादव, एसपी, बीजापुर

बीजापुर में तेज गति से हो रहा विकास- जितेंद्र यादव

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि जिले में सुरक्षा के साथ साथ विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. बीजापुर जिले में 33 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरस्थ अंचलों में संचार सुविधा मजबूत हुई है. अब अंदरूनी इलाकों तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सुधार हुआ है. बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने कहा कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई और जनसहयोग से विकास योजनाओं में इजाफा हो रहा है. इसकी बदौलात 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का समूल नाश हो जाएगा.

नक्सलगढ़ सुकमा में बदलाव की नई इबारत, हथियार छोड़ अब 5जी से जुड़े 101 सरेंडर नक्सली, नई कहानी की शुरुआत

कभी नक्सलियों का ट्रेनिंग कैंप थी गोगुंडा पहाड़ी, आजादी के बाद अब पहुंची बिजली, गांव में रोशनी के साथ उम्मीदों का नया सवेरा