एनपीयू में कथित गड़बड़ी के खिलाफ शुरू हुआ छात्रों का आंदोलन, कुलपति का फूंका पुतला
नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी में कथित अनियमितताओं को लेकर पलामू में छात्र संगठनों ने आंदोलन शुरू किया है. नीरज कुमार की रिपोर्ट.

Published : August 31, 2026 at 5:37 PM IST
पलामूः नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र संगठनों ने आंदोलन शुरू कर दिया है. यह आंदोलन आपसू, एनएसयूआई और जेसीएम ने शुरू किया है. आंदोलन के पहले चरण में सोमवार को छात्रों ने नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर दिनेश कुमार सिंह का प्रतीकात्मक पुतला फूंका. दरअसल हाल में ही यूनिवर्सिटी के ऑडिट रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं और सूचना के अधिकार के तहत छात्रों ने ऑडिट रिपोर्ट की कॉपी ली है.
गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन
ऑडिट रिपोर्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र संगठन आंदोलन कर रहे हैं और प्रतिदिन यूनिवर्सिटी से जुड़े हुए मामलों को उजागर कर रहे है. आंदोलन कर रहे छात्रों ने कहा कि यूनिवर्सिटी किसी की निजी संपत्ति नहीं है बल्कि सार्वजनिक संपत्ति है और इससे हजारों छात्रों का भविष्य जुड़ा हुआ है.
FIR दर्ज करने की मांग
इससे पहले रविवार को छात्रों ने यूनिवर्सिटी में हुई गड़बड़ियों को लेकर हाई कोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर करने की योजना की घोषणा की. अपने आंदोलन के जरिए छात्र वित्तीय गड़बड़ियों के खिलाफ कार्रवाई, यूनिवर्सिटी के द्वारा खरीद और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने, गड़बड़ियों में शामिल लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने और छात्रों से जुड़े प्रशासनिक मामलों के जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.
करोड़ों का घोटाला पकड़ा गयाः छात्र राहुल दुबे
आंदोलन कर रहे छात्र राहुल दुबे ने बताया कि यूनिवर्सिटी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है और ऑडिट रिपोर्ट में करोड़ों का घोटाला पकड़ा गया. छात्र नेता कमलेश पांडेय ने कहा कि ऑडिट रिपोर्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ी गई है जिसे लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें-
नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी में सादगी के साथ होगा दीक्षांत समारोह, लोक भवन से मिले कई निर्देश

