भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा पहुंची पाकुड़, देवेंद्र नाथ महतो ने JPSC और JSSC भर्ती व्यवस्था को उद्योग बनाने का लगाया आरोप
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा के तहत छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो पाकुड़ पहुंचे. जहां उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधा.


Published : August 29, 2026 at 6:52 PM IST
पाकुड़: छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के साथ भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का रथ शनिवार को पाकुड़ पहुंचा. जहां सैकड़ों छात्रों ने उनका स्वागत किया. सभा को संबोधित करने से पहले महतो ने शहीद सिदो-कान्हो, चांद-भैरव और फूलो-झानो की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस मौके पर बोलते हुए देवेंद्र महतो ने कहा कि झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ उनका आंदोलन जारी है. वे राज्य के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे.
उन्होंने कहा कि झारखंड में JPSC और JSSC की भर्ती व्यवस्था को एक उद्योग बना दिया गया है. उनका आंदोलन इसी के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने भर्ती को लेकर छात्रों के साथ धोखा किया है. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा हाल ही में सभी परीक्षाओं को रद्द करना एक सोची-समझी चाल थी ताकि कोर्ट से स्टे (रोक) मिल सके और प्रशासन को छात्रों के आंदोलन से मुक्ति मिले.

उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर सरकार को सच में छात्रों की चिंता होती, तो वह कोर्ट में मजबूत पक्ष रखती. इस 'यात्रा' के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि क्रांति और 'उलगुलान' का बिगुल बज चुका है. अब से नौकरियां सिफारिश या प्रभाव के बजाय योग्यता के आधार पर मिलेंगी. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे पूरे झारखंड में सड़क जाम और आर्थिक नाकेबंदी करेंगे और इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे.

पाकुड़ में संबोधन के बाद, 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' का रथ साहिबगंज जिले के लिए रवाना हो गया. घोषणा की गई कि यह रथ शनिवार को बरहड़वा, राजमहल और साहिबगंज का दौरा करेगा.
यह भी पढ़ें:
देवेंद्र नाथ महतो की राज्य सरकार को चेतावनी, कहा- निर्दोष छात्रों पर FIR करना बंद करें

