ETV Bharat / state

पटना में स्कूल पहुंचे पूर्व छात्र को स्कॉर्पियो में अगवा कर पीटा, वर्तमान छात्रों पर आरोप!

पटना के सेंट माइकल स्कूल के बाहर पूर्व छात्र के कथित तौर पर अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है. पढ़ें पूरी खबर-

Patna Student kidnapped
पटना में छात्र का अपहरण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 3, 2026 at 9:00 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित सेंट माइकल स्कूल के बाहर गुरुवार को एक पूर्व छात्र के साथ कथित अपहरण और मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. स्कूल पहुंचे युवक को स्कूल के ही कुछ वर्तमान छात्रों ने कथित तौर पर जबरन अगवा कर पीटा. पटना लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने इसकी पुष्टि की.

चार युवकों ने पूर्व छात्र को जबरन गाड़ी में ठूंसा: पीड़ित युवक अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र लेने स्कूल आया था. मुख्य द्वार के पास अचानक एक काला स्कॉर्पियो वाहन पहुंचा. उसमें सवार चार युवकों ने पूर्व छात्र को जबरन गाड़ी में ठूंस लिया और वहां से ले गए। कुछ दूरी पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई. करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस की घेराबंदी देख आरोपी युवक को स्कूल के पास ही छोड़कर फरार हो गए.

एएससपी लॉ एंड ऑडर कृष्ण मुरारी प्रसाद (ETV Bharat)

पुलिस ने जप्त किया स्कॉर्पियो: सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. आरोपी ज्यादा देर तक पीड़ित को हिरासत में नहीं रख सके. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन को जप्त कर लिया है। वाहन के मालिक की पहचान और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.

पुराने विवाद की आशंका: प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पीड़ित और स्कूल के कुछ वर्तमान छात्रों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. आशंका है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया. पुलिस पीड़ित के बयान के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: घटना के बाद स्कूल परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं. इतनी बड़ी घटना स्कूल के मुख्य द्वार पर कैसे हुई, इसकी भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा में कोई चूक हुई तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी.

जांच में तेजी, आरोपियों की तलाश: लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. वाहन दस्तावेजों की जांच भी जारी है। लॉ एंड ऑर्डर एएसपी ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल छापेमारी जारी है.

"पीड़ित और स्कूल के कुछ वर्तमान छात्रों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि उसी पुराने विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया. पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है."-कृष्ण मुरारी प्रसाद, एएससपी, लॉ एंड ऑडर

ये भी पढ़ें-

चाची ने शादी का दिया प्रलोभन तो अपराधी बना दिव्यांग धर्मेंद्र, 8 महीने के बच्चे का किया अपहरण

पहले अपहरण फिर गला घोंटा, रेलवे ट्रैक से शिक्षक का शव बरामद