होली से पहले अवैध शराब पर सख्ती, दो गिरफ्तार, 1 लाख 45 हजार का माल जब्त
नारायणपुर पुलिस ने होली से पहले अवैध शराब बिक्री को लेकर एक्शन लिया है.पुलिस ने दो कार्रवाई में अवैध शराब जब्त की है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 2, 2026 at 6:59 PM IST
नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में पुलिस अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में नारायणपुर पुलिस ने 1 मार्च 2026 को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 44.6 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है. इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
नारायणपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग क्षेत्र में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे हैं.सूचना के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की.
पहली कार्रवाई – साप्ताहिक बाजार क्षेत्र
नारायणपुर के साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार की जांच की. जांच के दौरान स्कूटी चालक ने अपना नाम सुरत व्यापारी निवासी बखरापारा, नारायणपुर बताया. स्कूटी की तलाशी लेने पर पीले रंग की प्लास्टिक बोरी से 750 मि.ली. की 24 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद हुई. पुलिस के मुताबिक कुल 18 बल्क लीटर शराब जब्त हुई है. इसकी अनुमानित कीमत 70 हजार आंकी गई है. आरोपी शराब परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया.
दूसरी कार्रवाई – नारायणपुर-कोण्डागांव मार्ग
दूसरी कार्रवाई नारायणपुर-कोण्डागांव मार्ग पर की गई.पुलिस ने बाइक सवार को रोककर जांच की. आरोपी ने अपना नाम प्रकाश कुलदीप निवासी फरसगांव बताया.उसकी पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर शराब की 750 मिली की 6 बोतल, 375 मिली की 4 बोतल, 180 मिली की 45 पौवा, 500 मिली के 25 केन बीयर बरामद हुए. कुल 26.6 बल्क लीटर शराब जब्त किया गया. शराब कीमत 25 हजार रुपए आंकी गई है. कुल जब्ती कीमत 75 हजार रुपए आंकी गई है.
1 लाख 45 हजार का माल जब्त
दोनों कार्रवाईयों में पुलिस ने 44.6 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त किया है,जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार है. दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. नारायणपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा. प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. नारायणपुर पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने साफ किया है कि जिले में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
अवैध शराब के खिलाफ सनोद के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, बालोद कलेक्ट्रेट पहुंचकर लगाई पाबंदी की गुहार
रायपुर स्टेशन रोड में हल्के माल वाहकों की नो एंट्री,जाम से निजात दिलाने फैसला, जानिए पूरा नियम

