पुलिस टीम पर पथराव मामले में फरार आरोपियों पर कसा शिकंजा, कोर्ट के आदेश पर होगा ये एक्शन
उधम सिंह नगर में पुलिस टीम पर हमले के बाद आरोपियों पर शिकंजा कसता जा रहा है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 15, 2026 at 11:25 AM IST
रुद्रपुर: स्मैक तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर हुए पथराव के मामले में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. गिरफ्तारी न होने पर गैर-जमानती वारंट के बाद अब न्यायालय ने धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी की है. माना जा रहा है कि जिसके बाद जल्द ही कुर्की की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी.
रुद्रपुर कोतवाली में स्मैक तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव के मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. गिरफ्तारी से बच रहे आरोपियों के विरुद्ध पहले गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था और अब न्यायालय द्वारा धारा 82 के तहत उद्घोषणा आदेश जारी कर दी गई है. घटना एक फरवरी की है, जब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी स्थित कल्लू के घर पर स्मैक की तस्करी की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
बताया जाता है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया. इस हमले में हेड कांस्टेबल भुवन पांडे घायल हो गए थे. मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 64 ग्राम स्मैक के साथ हसीना पत्नी इलियास को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं अन्य आरोपियों नाजिम उर्फ नदीम, शाहरूख, इरशाद उर्फ दाऊद उर्फ शद्दा, सूरज, अनमोल, अफसाना, फिजा, रोशनी और फरहाना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई थी. काफी प्रयासों के बावजूद जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, तब पुलिस ने न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त किया.
इसी दौरान पुलिस ने फरार आरोपियों को शरण देने के आरोप में उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर, थाना अजीमनगर क्षेत्र के रतनपुरा निवासी फरजनद अली उर्फ नन्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. फरार चल रहे एक ही परिवार के नौ आरोपियों की लगातार अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई के लिए न्यायालय में आवेदन किया. न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी कर दी है. अब यदि आरोपी निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जा सकती है.
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी ने बताया कि पुलिस द्वारा अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है. उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा.
पढ़ें:

