ETV Bharat / state

बिहार में आवारा कुत्तों का कहर, 50 भेड़ों की ले ली जान, पशुपालक पर टूटा संकट

पशुपालक मनु पाल के लिए भेड़ पालन ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया था, जो अब पूरी तरह उजड़ चुका है. पढ़ें खबर

50 SHEEPS KILLED BY DOGS IN NAWADA
कॉन्सेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 6, 2026 at 8:06 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नवादा: बिहार के नवादा में जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत बीजूबीघा गांव में मंगलवार की देर रात आवारा कुत्तों का तांडव देखने को मिला. दरअसल आवारा कुत्तों के एक हिंसक झुंड ने भारी तबाही मचाई. कुत्तों ने एक पशुपालक के अहाते में घुसकर भेड़ों पर जानलेवा हमला कर दिया. कुत्तों के इस हमेल में 50 से अधिक भेड़ों की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत है और पीड़ित परिवार के सामने अपनी आजीविका को लेकर गहरा संकट खड़ा हो गया है.

देर रात कुत्तों का खूनी तांडव: जानकारी के अनुसार, बीजूबीघा गांव निवासी पशुपालक मनु पाल ने अपनी 85 भेड़ों को घर के पास बने अहाते में बांधकर रखा था. आधी रात के बाद अचानक आवारा कुत्तों के एक बड़े झुंड ने हमला बोल दिया और भेड़ों को नोंच डाला. कुत्तों का हमला इतना हिंसक था कि भेड़ों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. कुत्तों ने अधिकांश भेड़ों के गले और पेट को बुरी तरह जख्मी कर दिया.

ग्रामीणों के पहुंचने तक हुई देर: भेड़ों की आवाज सुनकर जब तक मनु पाल और आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे, तब तक शिकारी कुत्ते अपना काम कर चुके थे. ग्रामीणों को आता देख कुत्तों का झुंड अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. टॉर्च की रोशनी में जब ग्रामीणों ने देखा तो सबके होश उड़ गए. चारों तरफ भेड़ों के शव बिखरे पड़े थे और कुछ भेड़ें बुरी तरह घायल थीं.

लाखों का नुकसान:बुधवार सुबह तस्वीर साफ हुई तो पता चला कि 50 से अधिक भेड़ों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं. घायल भेड़ों का स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है. पशुपालक मनु पाल के अनुसार इस घटना में उन्हें लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है. भेड़ पालन ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र जरिया था, जो अब पूरी तरह उजड़ चुका है.

"भेड़-पालन के जरिए ही परिवार का भरण-पोषण होता था, कुत्तों के इस हमले से भारी नुकसान हो गया है. पूरे परिवार पर आजीविका का गहर संकट आ गया है." - मनु पाल, भेड़ पालक

पुलिस की कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही मेसकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृत पशुओं का मुआयना किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घायल भेड़ों का समुचित इलाज कराया जाए और पीड़ित मनु पाल को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उनका परिवार इस आर्थिक झटके से उबर सके.

आवारा कुत्तों से दहशत में ग्रामीण: इस घटना के बाद से बीजूबीघा और आसपास के गांवों में आवारा कुत्तों को लेकर दहशत का माहौल है.पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव वालों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें-बिहार में आवारा कुत्तों ने महिलाओं पर किया हमला, एक की मौत, दो की हालत गंभीर

इसे भी पढ़ें- बिहार में कुत्तों से जरा संभलकर रहें, 12 घंटे में 40 लोगों को बनाया निशाना