अलवर में आवारा डॉ का आतंक: घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम भाई-बहन पर हमला कर किया लहुलुहान
अलवर के करौली गांव में बुधवार को घर के बाहर खेल रहे तीन मासूम भाई-बहनों पर एक आवारा डॉग ने हमला कर दिया.

Published : September 2, 2026 at 4:00 PM IST
अलवर: जिले के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत करौली गांव में बुधवार को घर के बाहर खेल रहे तीन बच्चों पर एक आवारा डॉग ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के दौरान बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और डॉग के हमले से बच्चों को बचाया. घटना के समय पीड़ित बच्चों के परिजन अपने खेत में प्याज की बुवाई कर रहे थे.
जिला अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन: अलवर जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि परिजन उन्हें उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल में लेकर आए, जहां ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों की देखरेख में बच्चों का इलाज किया गया. उन्होंने बताया कि घायल बच्चों को एंटी रेबीज वैक्सीनेशन के साथ प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बच्चों के हाथ, पैर व शरीर के कुछ हिस्से पर चोट लगी है, जिन पर चिकित्सकों की ओर से पट्टी कर उन्हें कुछ समय के लिए निगरानी में रखा गया, जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है.
इसे भी पढ़ें- बूंदी: लाखेरी में आवारा डॉग का आतंक, एक दिन में 49 लोग हुए शिकार, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने बचाया: पीड़ित बच्चों के परिजन आरिफ खान ने बताया कि बुधवार को उनके परिवार के लोग खेत में प्याज की बुवाई के लिए गए हुए थे, इस दौरान घर में कोई बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था. इसी बीच परिवार के तीन बच्चे घर के बाहर खेलने के लिए निकल गए. उन्होंने बताया कि बच्चों के खेलने के दौरान ही वहां एक आवारा डॉग आ पहुंचा और उसने खेलते हुए बच्चों पर हमला कर दिया. डॉग के हमले के बाद और बच्चों का शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को डॉग के चंगुल से बचाया. आरिफ ने बताया कि इस घटना में डॉग ने इम्तियाज, जफर और आलिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया: आरिफ ने बताया कि हादसे में घायल हुए तीनों बच्चों को इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया. आरिफ ने बताया कि आवारा डॉग के हमले के बाद भी आक्रामक बने रहने के कारण, खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने मौके पर ही लाठी-डंडों से मारा. उन्होंने बताया कि घटना में घायल हुए बच्चे आपस में भाई-बहन हैं, जो घर के बाहर खेल रहे थे. हादसे में बच्चों के हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. आरिफ ने बताया कि पहले भी गांव और आसपास के क्षेत्रों में डॉग के काटने की घटनाएं हो चुकी हैं. वहीं, पीएमओ डॉ शर्मा ने बताया कि परिजनों को आगे के उपचार के बारे में भी अवगत कराया गया है, जिससे कि बच्चों को किसी तरह के कोई इंफेक्शन जैसी परेशानी न हो सके.
इसे भी पढ़ें- अलवर में घर के बाहर खेल रहे 5 साल के बच्चे पर पालतू श्वान का हमला, चेहरे पर आए 7 टांके

