ETV Bharat / state

मेहंदीपुर बालाजी में आवारा सांड आए दिन मचा रहे उत्पात, श्रद्धालुओं को खतरा... बूंदी में भाजपा पार्षद का तोड़ा हाथ

मंदिर के ठीक सामने आधा दर्जन सांड लड़ते देखे गए. एक महिला श्रद्धालु को रौंदते सांड निकल गए.

Devotees avoiding a bull in the temple complex
मंदिर परिसर में सांड से बचते श्रद्धालु (ETV Bharat Dausa)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 10, 2026 at 1:28 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

दौसा/बूंदी : पूर्वी राजस्थान के प्रसिद्ध आस्थाधाम मेहंदीपुर बालाजी में आवारा सांड बेलगाम हैं. ये सांड श्रद्धालुओं के लिए खतरा बनते जा रहे हैं. आए दिन आवारा सांड भीड़ में घुस जाते हैं. आपस में लड़ते हैं. इससे बाजार में अफरातफरी मच जाती है. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आते हैं. शुक्रवार को मंदिर के ठीक सामने आधा दर्जन सांडों का उत्पात, आपसी लड़ाई और श्रद्धालुओं में भगदड़ देखी गई. एक महिला श्रद्धालु को रौंदते सांड निकल गए. यह वाकया यहां के सीसीटीवी कैमरों में कैद भी हुई. उधर, ‎बूंदी में सांडों की लड़ाई के बीच फंसे भाजपा पार्षद घायल हो गए. पार्षद को एक सांड ने बुरी तरह पटका. उनका हाथ टूट गया.

दौसा के टोडाभीम एसडीएम अमन चौधरी ने बताया कि आवारा सांडों के स्थायी समाधान के प्रयास कर रहे हैं. जल्द क्षेत्र में संचालित गौशालाओं में आवारा पशुओं को बंद किया जाएगा. इससे मेंहदीपुर बालाजी आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी.

महिला को सांड ने रौंदा (ETV Bharat Dausa)

पढ़ें:मेहंदीपुर बालाजी में खुले में रात गुजारने को मजबूर श्रद्धालु, एसडीएम बोले - जल्द खुलवाएंगे रैन बसेरा

गए साल भी मासूम को रौंदा था: बीते वर्ष सांड ने मासूम बच्चे को रौंद दिया था. वह हादसा खतरे का संकेत था, लेकिन प्रशासन इसे भूला बैठा. सांडों के आतंक से निपटने की न कोई स्थायी योजना और न कोई ठोस कार्रवाई हुई.

वीवीआईपी मूवमेंट पर गायब: चौंकाने वाली बात है कि मेहंदीपुर बालाजी में कोई वीवीआईपी दर्शन को आता है तो कुछ ही घंटों में आवारा सांड हटा दिए जाते हैं. वीवीआईपी के रवाना होते ही सांड फिर सड़कों और मंदिर परिसर में नजर आने लगते हैं. यह हालात तब हैं, जब आसपास के इलाकों में कई गौशालाएं हैं.

पढ़ें:दिल्ली-जयपुर से मेहंदीपुर बालाजी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, जान लें कितना देना होगा किराया

बूंदी में भाजपा पार्षद को सांड ने उठाकर पटका, हाथ टूटा: उधर, ‎बूंदी में आवारा मवेशियों का आतंक है. बालचंद पाड़ा इलाके में आवारा सांडों के हमले में वार्ड नंबर 60 से भाजपा पार्षद आशीष शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. सांड ने पार्षद को उठाकर सड़क पर पटका. इससे उनका बायां हाथ टूट गया. घायल पार्षद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शनिवार को हाथ का ऑपरेशन किया गया. चिकित्सकों के अनुसार पार्षद के हाथ की हड्डी टूटने के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं. ‎अस्पताल में भर्ती पार्षद आशीष शर्मा ने बताया कि वे गाड़ी से घर लौट रहे थे कि सामने से चार सांड आपस में लड़ते हुए आ गए. बचने के प्रयास के दौरान एक सांड ने सींगों से उठाकर दूर फेंक दिया. राहगीरों ने उन्हें पहले घर और अस्पताल पहुंचाया.

पार्षद का आरोप:‎घायल पार्षद ने नगर परिषद प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. वे कई बार अपने वार्ड में आवारा मवेशियों की समस्या लिखित और मौखिक में परिषद को दे चुके हैं, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई. पहले भी आवारा मवेशियों के हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं. ‎पार्षद शर्मा ने जिला कलेक्टर और परिषद सभापति से मांग की है कि शहर में तुरंत आवारा मवेशियों को पकड़ने का विशेष अभियान चलाया जाए. आवारा मवेशियों के हमलों पर बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने भी नाराजगी जताई. उन्होंने कलेक्टर और परिषद आयुक्त से मवेशियों को तत्काल पकड़ने की मांग की. विधायक ने तंज कसा कि अब तो भाजपा पार्षद भी मवेशियों के हमले का शिकार हो गया. शायद अब सभापति और प्रशासन की आंखें खुलें.

पढ़ें: कार को टक्कर मारने से गुस्साए युवकों ने सांड को कुचलकर मार डाला, गोसेवकों में आक्रोश