रामपुर में वन विभाग का अजब-गजब; तेंदुए को फंसाने के लिए बकरी की जगह बांध दिया कुत्ता !
वन विभाग की टीम लगातार इलाके में कांबिंग कर रही है और तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 12:40 PM IST
|Updated : June 3, 2026 at 2:07 PM IST
रामपुर: जिले में तेंदुए के आतंक के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वन विभाग के लगाए गए पिंजरे के अंदर एक कुत्ता फंसा हुआ दिखाई दे रहा है. आरोप है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए इस पिंजरे में बकरी की जगह कुत्ते को बांध दिया गया.
बता दें, मसवासी क्षेत्र के गांव मानपुर उत्तरी में इन दिनों तेंदुए का आतंक लगातार बना हुआ है. ग्रामीण डर और दहशत के माहौल में जीवन गुजारने को मजबूर हैं. बीती मंगलवार देर रात तेंदुआ गांव निवासी किसान सरदार दर्शन सिंह और सरदार करमजीत सिंह के घर की दीवार फांदकर पशुशाला में घुस गया था. जहां उसने कई गोवंशीय पशुओं को अपना शिकार बना लिया था.
घटना के बाद वन विभाग की टीम लगातार इलाके में कांबिंग कर रही है और तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है. इसी क्रम में जंगल के समीप एक पिंजरा लगाया गया लेकिन, अब जिस वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी है, उसमें पिंजरे के अंदर एक कुत्ता बंधा दिखाई दे रहा है. आमतौर पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरी को चारे के रूप में बांधा जाता है, लेकिन वायरल वीडियो में कुत्ते के होने से लोगों ने वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. वहीं वन विभाग भी अब सवालों के घेरे में है. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए के आतंक से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, जबकि इस तरह की घटनाएं विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं.
जिला वन अधिकारी प्रणव जैन का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए कुत्ते को शिकार के रूप में बांधने का कोई प्रावधान नहीं है. यदि वायरल वीडियो सही पाया जाता है तो मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: बाइक के सामने तेंदुए का 10 मिनट तक डेरा, हाईवे से गुजर रहे वाहन ठिठके, फिर...

