ETV Bharat / state

मुजफ्फरपुर में वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव, डेढ़ घंटे में टूटे कई कोचों के शीशे

मुजफ्फरपुर में वंदे भारत समेत तीन ट्रेनों पर पथराव किया गया है. रेलवे पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. पढ़ें

Stone pelting on Vande Bharat
वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : May 18, 2026 at 12:03 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार शाम रेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली बड़ी घटना सामने आई है. सोनपुर मंडल के मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच महज डेढ़ घंटे के भीतर वंदे भारत एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों पर पथराव किया गया.

वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव: इस घटना में ट्रेनों के कई कोचों के शीशे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ट्रेन में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई. खिड़की के पास बैठे कई यात्री खुद को बचाने के लिए सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. यात्रियों ने तत्काल रेलवे प्रशासन और आरपीएफ को इसकी सूचना दी.

वंदे भारत समेत 3 ट्रेनों पर पथराव (ETV Bharat)

पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव: जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सबसे पहले ट्रेन संख्या 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर मझौलिया और खबरा के समीप पत्थरबाजी की गई. पत्थरों की चोट से ट्रेन के तीन कोचों की खिड़कियों के शीशे आंशिक रूप से टूट गए.

इन ट्रेनों को भी बनाया गया निशाना: इसके कुछ देर बाद इसी रेलखंड पर चल रही ट्रेन संख्या 15550 पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस को भी अलग-अलग स्थानों पर निशाना बनाया गया. तीनों ट्रेनों के कोचों के शीशे क्षतिग्रस्त होने की सूचना है.

खगाली जा रही CCTV: एक के बाद एक तीन ट्रेनों पर पथराव की सूचना मिलते ही सोनपुर मंडल और रेल सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया. आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तुरंत सक्रिय हुईं और मामले की जांच शुरू कर दी. रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की जा सके.

Stone pelting on Vande Bharat
पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव (ETV Bharat)

रेल एसपी का बयान: मुजफ्फरपुर रेल एसपी वीणा कुमारी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की सूचना मिली थी. इसी दौरान अन्य ट्रेनों पर भी पत्थर फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं. रेल पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोग रेलवे लाइन किनारे खड़े थे और ट्रेन गुजरने के दौरान उस पर पत्थर फेंके गए.

"मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और ट्रेन पर पत्थरबाजी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी."- वीणा कुमारी, रेल एसपी, मुजफ्फरपुर

हर एंगल से जांच जारी: प्रारंभिक जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि रेलवे ट्रैक किनारे मौजूद कुछ लोगों या बच्चों की ओर से शरारतन पत्थरबाजी की गई हो सकती है. हालांकि, रेलवे पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना महज शरारत थी या इसके पीछे किसी असामाजिक तत्व की भूमिका है.

ये भी पढ़ें

बिहार में वंदे भारत पर पथराव, रील्स बनाने के चक्कर में बुरे फंसे तीन किशोर

बिहार में वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर पथराव, इंजन का शीशा टूटा, यात्रियों में अफरा-तफरी