ETV Bharat / state

पाकुड़ में नशे के सौदागरों का दुस्साहस, पुलिस पार्टी पर पथराव कर छुड़ा ले गए आरोपी को, मामले में तीन गिरफ्तार

पाकुड़ में पुलिस पार्टी पर पथराव कर आरोपी को छुड़ा ले जाने के मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है.

Stone pelting on Pakur Police
पाकुड़ पुलिस की गिरफ्त में पथराव करने वाले आरोपी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 2, 2026 at 8:51 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

पाकुड़: जिले में सक्रिय नशे के सौदागरों के हौसले अब इतने बुलंद हो गए हैं कि पुलिस पार्टी पर हमला करने और आरोपी को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इशाकपुर गांव में सामने आया है.

ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर मुफस्सिल थाने की पुलिस द्वारा छापेमारी की गई और नशा का कारोबार करने वाले आलमगीर आलम को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस आरोपी को पकड़कर थाना ले जा रही थी. इसी बीच नशे के सौदागरों ने पुलिस वाहन को रोक कर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान नशे के सौदगर आरोपी को पुलिस गिरफ्त से जबरन छुड़ाकर ले गए.

Stone pelting on Pakur Police
पाकुड़ पुलिस की गिरफ्त में पथराव करने वाली आरोपी. (फोटो-ईटीवी भारत)

पथराव में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाने की पुलिस दोबारा इशाकपुर पहुंची और सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने और आरोपी को पुलिस गिरफ्त से जबरन छुड़ाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में मंजीला बीबी, रेजाबुल शेख और आलमगीर आलम शामिल हैं.

थाना प्रभारी ने की पुष्टि

मुफस्सिल थाना के प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि इशाकपुर और जयकिष्टोपुर के ग्रामीणों द्वारा यह शिकायत की गई थी कि इशाकपुर तालाब के निकट गांजा और ड्रग्स का सेवन करने वाले लोगों द्वारा तालाब में स्नान करने वाली महिलाओं पर अभद्र टिपण्णी की जा रही है. इस सूचना पर गश्ती दल द्वारा छापेमारी की गई और आलमगीर आलम को हिरासत में लेकर थाना लाया जा रहा था. आरोपी आलमगीर को थाना लाने के दौरान फेकारूल शेख, मंजीला बीबी, रेजाउल शेख सहित अन्य लोगों द्वारा पुलिस पार्टी पर पथराव किया गया और पुलिस गिरफ्त से आलमगीर को जबरन छुड़ा लिया गया.

10 नामजद और 25-30 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज

थाना प्रभारी ने बताया कि सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पार्टी पर हमला करने और पुलिस अभिरक्षा से आरोपी को जबरन छुड़ा ले जाने के इस मामले में मुफस्सिल थाने में कांड संख्या 83/26 दर्ज किया गया है. जिसमें 10 नामजद और 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद छापेमारी की गई और अभियुक्त आलमगीर आलम, मंजीला बीबी और रेजाबुल शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिय गया है.

ये भी पढ़ें-

गिरिडीह में पुलिस टीम पर हमला, फरार हुआ साइबर अपराधी, जांच में जुटी पुलिस

गढ़वा में पथराव मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार, 84 नामजद और 400 अज्ञात पर एफआईआर दर्ज

पति-पत्नी और वो के बीच पीट गया हवलदार, टीओपी में पथराव के बाद पहुंची पुलिस की पेट्रोलिंग टीम