ETV Bharat / state

अलीगढ़ में दलित की बारात पर पथराव; डीजे पर जातिगत गाने को लेकर दो समुदाय में विवाद

पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. जाति विशेष से जुड़ा गीत बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद पर पथराव हुआ.

ALIGARH NEWS
थाना जवां (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 25, 2026 at 7:42 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अलीगढ़: अलीगढ़ के थाना जवां क्षेत्र में मंगलवार देर रात डीजे पर जाति विशेष से जुड़ा गीत बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद के बाद पथराव हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया.

दोनों पक्षों में कहासुनी से तनाव: जानकारी के अनुसार, सुनैना गांव में जाटव समाज के एक परिवार की बारात आई हुई थी. बारात के दौरान डीजे बज रहा था और उसी दौरान कथित तौर पर जातिगत से जुड़ा एक गीत बजाया गया.

मृगांक शेखर, एसपी सिटी (ETV Bharat)

दूसरे पक्ष ने इस पर आपत्ति जताई. आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो आगे चलकर पथराव में बदल गई. घटना से बारात में शामिल लोगों में अफरातफरी मच गई.

पुलिस ने माहौल कराया शांत: ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद ठाकुर समाज और दलित समाज के लोगों के बीच हुआ. हालांकि पुलिस के पहुंचने तक स्थिति काफी तनावपूर्ण हो चुकी थी. मौके पर कई थानों की फोर्स के साथ क्षेत्राधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे. पुलिस ने तत्काल दोनों पक्षों को अलग कर माहौल शांत कराया.

एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया, मंगलवार देर रात्रि थाना जवां पुलिस को बारात में विवाद की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बारात में शामिल एक व्यक्ति ने डीजे पर जातिगत उत्तेजना फैलाने के उद्देश्य से गाना बजाया था, जिसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया. इसी के बाद विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई.

एसपी सिटी मृगांक शेखर ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना देर रात तक प्राप्त नहीं हुई है. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद विवाह कार्यक्रम यथावत जारी रहा और शांति व्यवस्था बनाई गई. जिन लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया है, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

गांव में हालात सामान्य: एसपी सिटी मृगांक शेखर ने बताया कि गांव में एहतियातन पुलिस तैनात कर दिया गया है, जिससे दोबारा किसी तरह की स्थिति न बने. प्रशासन स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है.

सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या भड़काऊ सूचना फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है. फिलहाल गांव में हालात सामान्य बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है.

यह भी पढ़ें: गजब की साइबरी ठगी: अंगूठे के निशान का क्लोन बना खातों से उड़ाए 35 लाख, यूट्यूब से सीखा गोरखधंधा, ऐसे खुला खेल

यह भी पढ़ें: अलीगढ़ में टप्पेबाजी गैंग के 6 आरोपी गिरफ्तार, रुपए दोगुना करने का देते थे झांसा, दिल्ली से मास्टरमाइंड पति-पत्नी गिरोह को कर रहे थे ऑपरेट