मुंह पर सिगरेट का धुआं फूंकने पर दो गुट भिड़े, मुंगेर में पत्थरबाजी और बवाल
मुंगेर में दो समुदायों के बीच शुरू हुआ विवाद पथराव में बदल गया. कई लोग घायल, पुलिस ने 4-5 लोगों को हिरासत में लिया. पढ़ें-

Published : February 28, 2026 at 10:27 AM IST
मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो मोहल्लों सिमपुर और शेख टोला के युवाओं के बीच एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप धारण कर लिया. विवाद की शुरुआत सिगरेट के धुएं को लेकर हुई, जब बाजार से लौट रहे कुछ युवकों ने पुल के पास खड़े अन्य युवकों पर धुआं फेंक दिया. इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई.
पथराव में कई लोग घायल: बहस बढ़ते ही दोनों ओर से ईंट-पत्थरों की बौछार शुरू हो गई. इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग पथराव में घायल हो गए. घायलों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई और बाजार व आसपास के इलाके में लोग घरों में बंद हो गए.
हिरासत में पांच लोग: घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में शांति बहाल कराई. पुलिस ने एहतियातन चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस कैम्प स्थापित कर दिया गया है.
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे: जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने भी घटना का संज्ञान लिया. मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए. पुलिस ने अतिरिक्त बल और क्यूआरटी टीम की तैनाती सुनिश्चित की है ताकि कोई अप्रिय घटना दोबारा न हो.
एसपी ने दी स्थिति की जानकारी: मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि दोनों मोहल्लों के कुछ युवाओं के बीच छोटे विवाद ने पथराव का रूप ले लिया. पुलिस ने तुरंत प्रिवेंटिव एक्शन लेकर हालात काबू में कर लिए. उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और इलाके में पुलिस की निगरानी जारी रहेगी.
"दोनों मोहल्लों के कुछ युवाओं के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो पथराव में बदल गया. पुलिस ने तुरंत प्रिवेंटिव एक्शन लेते हुए हालात को काबू में कर लिया है. फिलहाल स्थिति सामान्य है. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की है."- सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील: पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की उकसावे वाली अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इलाके में शांति सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
इलाके में पुलिस निगरानी जारी: घटना के बाद हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है. अतिरिक्त बल की तैनाती से स्थिति पूरी तरह नियंत्रित है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसे विवादों को रोकने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी.
ये भी पढ़ें-
मोबाइल को लेकर भिड़े दो पक्ष, 4 उपद्रवी हिरासत में.. दरभंगा के मदारपुर में बवाल
गया में बकरी के विवाद में दो समुदायों के बीच चले लाठी-डंडे, महिला समेत पांच गिरफ्तार

