ETV Bharat / state

गांधीनगर में STF की छापेमारी, डेढ़ करोड़ नशीला कफ सिरप बरामद, देर रात 3 घंटे चली रेड

भोपाल एसटीएफ की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांधीनगर इलाके से करीब 75 हज़ार प्रतिबंधित कफ सिरप की बोतलें सीज की.

STF raids in Gandhinagar bhopal
STF ने कफ सिरप का जखीरा बरामद किया (Getty image)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : May 29, 2026 at 2:38 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

भोपाल: राजधानी भोपाल के गांधीनगर में डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी में देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध नशीले कफ सिरप का जखीरा बरामद किया. कार्रवाई गुरुवार देर रात शुरू हुई, जो तड़के 3 बजे तक लगातार जारी रही. एसटीएफ ने करीब 75 हज़ार कप सिरप बरामद किए हैं, जिसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है.

अलग-अलग कमरों में बड़ी संख्या में कार्टन और बोतलों में भरा नशीला कफ सिरप रखा मिला

एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर क्षेत्र से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है. मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलने के बाद एसटीएफ की टीम ने गुरुवार देर रात डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित एक मकान पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान टीम ने पूरे मकान की बारीकी से तलाशी ली. तलाशी में मकान के दो अलग-अलग कमरों में बड़ी संख्या में कार्टन और बोतलों में भरा नशीला कफ सिरप रखा मिला. बरामद माल की मात्रा देखकर एसटीएफ अधिकारी भी हैरान रह गए.

STF raids in Gandhinagar bhopal
STF ने कफ सिरप का जखीरा बरामद किया (ETV Bharat)

STF एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था. सिरप को शहर सहित आसपास के देहात इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था. STF ने करीब 75 हज़ार सिरप की बोतलें बरामद की है, जिसकी कुल कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है. आरोपी सिरप का रैपर हटाकर दूसरा रैपर लगाकर बेचते थे. एक सिरप की कीमत करीब दो सौ रुपये होती है.

STF raids in Gandhinagar bhopal
STF ने कफ सिरप का जखीरा बरामद किया (ETV Bharat)

तीन नाबालिग सहित दस आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

STF एसपी भदौरिया ने बताया, तीन नाबालिग सहित दस आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जिनसे पूछताछ की जा रही है और बड़े खुलासे की संभावना है. एसटीएफ की टीम ने मौके से कफ सिरप के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं. रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सिरप में कौन-कौन से प्रतिबंधित तत्व मौजूद हैं. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी एसटीएफ

कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में देर रात तक पुलिस और एसटीएफ की आवाजाही बनी रही. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए और पूरी कार्रवाई को लेकर चर्चाएं होती रहीं. सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है.