शराब तस्कर गिरोह का मास्टरमाइंड इनामी बदमाश गिरफ्तार, STF ने मोहाली से दबोचा
लकी सिंह मुर्गी के दाने–अंडों की आड़ में शराब की तस्करी करता था. उसका नेटवर्क उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड तक फैला था.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 5, 2026 at 6:42 PM IST
यूपी: STF ने अंतर्राज्यीय शराब तस्कर गिरोह के मास्टरमाइंड इनामी बदमाश नवदीप सिंह को मोहाली से दबोच लिया है, यूपी-बिहार-झारखंड तक फैला था नेटवर्क, मुर्गी के दाने-अंडों में छिपाकर करता था शराब की तस्करी.
मास्टरमाइंड बदमाश गिरफ्तार: STF एएसपी शैलेंद्र सिंह के अनुसार, 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे आरोपी को जिरखपुर थाना क्षेत्र के सिटी इन्क्लेव में निर्माणाधीन मकान (एच.नं. 02) से दबोचा गया. आरोपी थाना नवाबगंज कमिश्नरेट प्रयागराज में दर्ज मुकदमा संख्या 393/2023 में वांछित था, जिसमें उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज है. उसपर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित था.
कई राज्यों में फैला था नेटवर्क: STF के पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर लंबे समय से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में अवैध शराब की तस्करी कर रहा था. इस धंधे में उसने करोड़ों रुपये कमाए हैं. शराब को अंडे, मुर्गी के दाना और प्लास्टिक स्क्रैप जैसे सामानों के ट्रक में छिपाकर भेजा जाता था, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके. आरोपी 2022 में झारखंड के रांची से शराब तस्करी के मामले में जेल भी गया है.
शराब केस में था फरार: STF के मुताबिक, वर्ष 2023 में प्रयागराज में अवैध शराब से लदे ट्रक पकड़े जाने के बाद थाना नवाबगंज में दर्ज मुकदमे के डर से आरोपी फरार चल रहा था. इसी मामले में उसके खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और पंजाब में छिपकर रह रहा था.
नवदीप सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के रायबरेली, सुल्तानपुर, कानपुर नगर, बाराबंकी, भदोही, अयोध्या के साथ ही झारखंड में भी आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. उसपर विभिन्न धाराओं में विभिन्न थानों में 11 से अधिक केस रजिस्टर्ड हैं. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ जिरखपुर थाना, एसएएस नगर मोहाली में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. STF अब ट्रांजिट रिमांड के जरिए उसे प्रयागराज लाने की तैयारी में है.

