राज्य खेल अलंकरण समारोह: 55 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिलेगा सम्मान, अंतिम लिस्ट जारी, 23 अगस्त तक दावा आपत्ति का मौका
राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रस्तावित है. प्रवीण सिंह की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 20, 2026 at 3:54 PM IST
रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन ने खेल प्रतिभाओं का सम्मान करने के लिए राज्य खेल अलंकरण समारोह शुरू किया है. 2025-26 की लिस्ट के मुताबिक कुल 55 खिलाड़ियों और कोचों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा. खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से खेल संचालनालय ने राज्य खेल अलंकरण 2025-26 की अंतरिम सूची भी जारी कर दी है. सूची में कुल 55 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को अलग-अलग खेल सम्मानों के लिए चुना गया है.
राज्य खेल अलंकरण सम्मान समारोह
इस बार के खेल अलंकरण सम्मान समारोह की खास बात यह कि पहली बार पात्र खिलाड़ियों के नाम के साथ उन्हें मिले अंक भी सार्वजनिक किए गए हैं, जिससे चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी. राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार समेत विभिन्न सम्मान दिए जाएंगे. इसके अलावा अंतरिम दस्तावेज में मुख्यमंत्री ट्रॉफी 2025-26 से संबंधित नाम भी शामिल होंगे.
55 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिलेगा सम्मान
अंतिम सूची जारी होने के बाद खिलाड़ियों और संबंधित लोगों को दावा-आपत्ति के लिए भी विभाग की ओर से समय दिया गया है. 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज की जा सकती है. खेल संचालनालय के मुताबिक, जिन खिलाड़ियों को अपने नाम, मिले अंकों या चयन प्रक्रिया को लेकर किसी तरह की आपत्ति है, वो तय समय सीमा के भीतर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
आपत्ति होने पर समय-सीमा के भीतर दावा करें
संचालनालय की ओर से स्पष्ट किया है कि निर्धारित तारीख और समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा. लिहाजा संबंधित खिलाड़ियों के लिए जरूरी है कि वे अंतरिम सूची को ध्यान से जांचें और किसी तरह की गलती या आपत्ति होने पर समय-सीमा के भीतर दावा प्रस्तुत करें.
पहली बार सूची में दिखाए गए खिलाड़ियों के अंक
इस साल की अंतिम सूची की खासियत है कि खिलाड़ियों को मिले अंकों का सार्वजनिक किया जा रहा. पहले जहां खिलाड़ियों के चयन की जानकारी प्रमुख रूप से सामने आती थी, वहीं इस बार सूची में नाम, खेल और पात्रता के साथ प्राप्त अंक भी दर्ज किए गए हैं. इससे खिलाड़ी यह देख सकेंगे कि उनके प्रदर्शन और उपलब्धियों के आधार पर उन्हें कितने अंक मिले. इसके साथ ही यदि किसी खिलाड़ी को लगता है कि उसके प्रदर्शन के मुताबिक प्वाइंट नहीं दिए गए हैं, तो वह निर्धारित समय सीमा में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है.
शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार की सूची
शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार की सूची में बिलासपुर के विकास कुमार को आर्चरी में 47 अंक, बालोद के किरण पिस्ता को फुटबॉल में 37 अंक और रायपुर की दीपांशी नेताम को फेंसिंग में 7 अंक दिए गए हैं. अंतरिम सूची में केवल ओलंपिक खेल ही नहीं, बल्कि नॉन-ओलंपिक और पैरा खेलों के खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है. कबड्डी, सॉफ्ट टेनिस, नेटबॉल और पैरा एथलेटिक्स जैसे खेलों के खिलाड़ियों को भी सूची में जगह मिली है.
शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार में कई जिलों के खिलाड़ी शामिल
शहीद राजीव पांडेय पुरस्कार 2025-26 के लिए जारी अंतरिम सूची में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों के नाम हैं. बिलासपुर, बालोद, दुर्ग, रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और महासमुंद समेत कई जिलों के खिलाड़ियों को उनके खेल प्रदर्शन के आधार पर सूची में जगह दी गई है. आर्चरी, फुटबॉल, फेंसिंग समेत विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के नाम इस सूची में दर्ज हैं और उनके सामने मिले अंकों की जानकारी भी दर्ज है.
शहीद कौशल यादव पुरस्कार
शहीद कौशल यादव पुरस्कार 2025-26 की अंतिम सूची में भी प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों का चयन किया गया है. इसमें रायपुर, बिलासपुर, सूरजपुर, नारायणपुर, धमतरी और बलौदाबाजार के खिलाड़ियों के नाम हैं. खिलाड़ियों की उपलब्धियों और पात्रता के आधार पर उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है.
शहीद पंकज विक्रम सम्मान
शहीद पंकज विक्रम सम्मान 2025-26 की अंतिम सूची में भी प्रदेशभर के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. इस सूची में दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, राजनांदगांव और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों के खिलाड़ी हैं. खेलों की बात करें तो इसमें तीरंदाजी, तैराकी, खो-खो, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, टेनिस और हॉकी जैसे खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं. सूची में खिलाड़ियों के नाम और उनकी पात्रता से जुड़ी जानकारी दी गई है.
शहीद विनोद चौबे सम्मान
शहीद विनोद चौबे सम्मान 2025-26 के लिए जारी अंतरिम सूची में दुर्ग और रायपुर के खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं. इन खिलाड़ियों को उनके संबंधित खेलों में प्रदर्शन के आधार पर अंतरिम सूची में जगह दी गई है.
| सूची के अनुसार |
| गंगेश्वर | एथलेटिक्स | 14 अंक |
| ख्वाजा अहमद | वॉलीबॉल | 12 अंक |
| एवन कुमार जैन | वेटलिफ्टिंग | 7 अंक |
| मोहम्मद अकमल खान | वॉलीबॉल | 6 अंक |
| प्रदीप जोशी | टेबल टेनिस | 6 अंक |
प्रशिक्षकों को भी मिलेगा सम्मान
राज्य खेल अलंकरण में केवल खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा. वीर हनुमान सिंह पुरस्कार 2025-26 की अंतरिम सूची में रायपुर के अजय दीप सारंग का नाम शामिल है. उन्हें वेटलिफ्टिंग प्रशिक्षक के तौर पर शामिल किया गया है और उनके सामने 124 अंक दर्ज है. वहीं, निर्णायक के कॉलम में फिलहाल कोई नाम दर्ज नहीं किया गया है.
मुख्यमंत्री ट्रॉफी की सूची
विभाग की ओर से जारी लिस्ट के अंतिम पेज पर मुख्यमंत्री ट्रॉफी वर्ष 2025-26 की सूची भी दी गई है. इसमें खिलाड़ियों के नाम, खेल और वर्ग से संबंधित जानकारी शामिल है. सूची में तीरंदाजी के सीनियर महिला वर्ग और सॉफ्ट टेनिस के जूनियर बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के नाम शामिल है.
29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर सम्मान समारोह प्रस्तावित
राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रस्तावित है. फिलहाल जारी दस्तावेज अंतरिम सूची और दावा-आपत्ति प्रक्रिया से संबंधित है. इसलिए अंतिम सूची दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद जारी की जाएगी. यानी अभी जारी 55 नामों की सूची को अंतिम सूची नहीं माना जाएगा. खिलाड़ियों को दी गई आपत्ति की समय-सीमा समाप्त होने के बाद विभाग संबंधित दावों और आपत्तियों का परीक्षण करेगा और उसके बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी.
खिलाड़ियों के लिए जरूरी संदेश
खेल संचालनालय ने खिलाड़ियों से सूची को ध्यानपूर्वक देखने की अपील की है. विभाग की ओर से कहा गया है कि किसी खिलाड़ी को अपने नाम, खेल, पात्रता, प्राप्त अंकों या चयन से संबंधित कोई आपत्ति है, तो वह 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है. लेकिन इसके लिए भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही आवेदन करना होगा.
मलखंभ में छत्तीसगढ़ की बेटी करेगी कमाल, इंटरनेशनल खेलने संता पोटाई जाएंगी बेल्जियम
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: छत्तीसगढ़ मलखंभ टीम के कोच ने सुनाई सफलता और संघर्ष की कहानी
KITG 2026: पहली बार मलखंभ में झारखंड को मिला मेडल , सोरेन सरकार से मदद की मांग

