राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026: 126 प्लेयर्स और कोचों को किया गया सम्मानित, 1 करोड़ 74 लाख बांटे गए
666 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान और प्रोत्साहन राशि. रितेश तंबोली की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 30, 2026 at 7:38 AM IST
|Updated : August 30, 2026 at 9:50 AM IST
रायपुर: पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शनिवार को राज्य खेल अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया. सीएम ने 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 126 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण सम्मान से नवाजा.
सम्मान समारोह में 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई. सीएम विष्णु देव साय ने कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार की पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि भेंट की. सीएम ने कहा कि आप इसी तरह से छत्तीसगढ़ का नाम खेल जगत में रोशन करते रहें.
राज्य खेल अलंकरण समारोह 2026
शासन की ओर से बीते दिनों 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई थी. जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला. सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ उनके भविष्य को संवारना भी सरकार की प्राथमिकता है. इससे प्रदेश के युवाओं में खेलों को करियर के रूप में अपनाने का विश्वास और मजबूत होगा.

मैं खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं. खेल के मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं रहता है. बल्कि उसकी सफलता से पूरे प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है. छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं. राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े: विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री
5 मिशन पर काम कर रही सरकार-सीएम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए 5 मिशन पर काम कर रही है. इनमें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन भी शामिल है. इसके लिए 100 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है."

छत्तीसगढ़ की भौगोलिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है. प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. आवश्यकता इन प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारने और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने की है. बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार का एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन होना बड़े गर्व की बात है: अरुण साव, डिप्टी सीएम
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल से भारत को दुनिया में गौरवान्वित किया. आज उनके पदचिह्नों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ के बेटे-बेटियां विभिन्न खेलों में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, आधुनिक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के कारण देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है. इसका परिणाम है कि भारत के खिलाड़ी विश्व की बड़ी प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं: तोखन साहू, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री
खिलाड़ियों को मिल रही बेहतर सुविधाएं
सरकार ने बताया कि कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं. तीरंदाजी के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवा रायपुर में लगभग 67 करोड़ की लागत से एकेडमी का निर्माण किया जा रहा है. इसी तरह पहाड़ी कोरवा समुदाय की नैसर्गिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में लगभग 18 करोड़ की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है. खेल विभाग की ओर से बताया गया कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में अनेक ऐसे युवा हैं, जिनमें खेलों की स्वाभाविक प्रतिभा है. उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण और उचित मंच उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं.

बस्तर ओलंपिक ने बनाया था रिकॉर्ड
बस्तर ओलंपिक के पहले आयोजन में 1 लाख 65 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था. दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार तक पहुंच गई. इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का खेल मैदान तक आना बस्तर में आ रहे सकारात्मक बदलाव और युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण है. वहीं सरगुजा ओलंपिक के माध्यम से भी स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर दिया गया है. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का सफल आयोजन किया गया. इन आयोजनों के जरिए राज्य सरकार प्रतिभाओं को तलाशने के साथ उन्हें प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा का बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रही है.

इन श्रेणियों में मिला सम्मान
राज्य खेल अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया. जिसमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं.

साल 2023-24
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार: मोनिका साहू (फेंसिंग), सुभाष लहरे (वेटलिफ्टिंग), अनुप यदु (नेटबॉल), राजेश राठौर (नेटबॉल), भूपेन्द्र कुमार गढ़े (सॉफ्टबॉल), और परमानंद को (पैरा स्विमिंग).
शहीद कौशल यादव पुरस्कार:दिपांशी नेताम (फेंसिंग), महेन्द्र धुर्वे (वॉलीबॉल), अमित कुमार (एथलेटिक) और राकेश कडती (सॉफ्टबॉल).
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: विकास ढीढ़ी (पैरा जूडो).
शहीद पंकज विक्रम सम्मान: सीता साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), करन भारती (वुशू), प्रियंका ठाकुर (वुशू), शशांक मसीह (रायफल शूटिंग), राजीव साहू (टेबल टेनिस), काजल (टेबल टेनिस), भूमिका उपाध्याय (हॉकी) एवं अजिंक्या सिंह (तैराकी).
शहीद विनोद चौबे सम्मान: प्रवेश चढ्ढा (शूटिंग), विजय बहादुर (हैंडबॉल), लक्ष्मण लाल साहू (कुश्ती), के. रवि शंकर (टेबल टेनिस) एवं गिरिराज बागड़ी (टेबल टेनिस).
मुख्यमंत्री ट्रॉफी: सीनियर वर्ग में बिलासपुर की पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग टीम.
साल 2024-25
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार: ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग), ईशान भटनागर (बैडमिंटन), दिव्यांशु नेताम (फेंसिंग), भूमि गुप्ता (तैराकी), सोनम शर्मा (नेटबॉल), कलाराम पटेल (पैरा एथलेटिक्स) एवं लोमेन्द्र साहू.
शहीद कौशल यादव पुरस्कार: मानस भट्टाचार्य (बैडमिंटन) एवं सुखदेव (पैरा एथलेटिक्स).
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: अशोक कुमार साहू (कयाकिंग एवं कैनोइंग).
शहीद पंकज विक्रम सम्मान: सुमन यादव (फुटबॉल), रोहित रजक (हॉकी), गीतांजलि निर्मलकर (हॉकी), के.एस. साई प्रशांत (टेबल टेनिस), सुष्मिता सोम (टेबल टेनिस), रामकृष्ण साहू (पैरा स्विमिंग), स्वाति साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), साकेत सामुएल (रायफल शूटिंग), अमन तिवारी (वुशू) एवं कु. मानसी डुंभरे (वुशू).
शहीद विनोद चौबे सम्मान: प्रभा हुसैन (एथलेटिक्स), संगीता राजगोपालन (बैडमिंटन), गामा यादव (कुश्ती) एवं प्रनय नन्द मजूमदार (टेबल टेनिस).
मुख्यमंत्री ट्रॉफी: सीनियर महिला वर्ग में बिलासपुर की तीरंदाजी टीम.

साल 2025-26
शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार: विकास कुमार (आर्चरी), किरण पिस्दा (फुटबॉल), दीपांशी नेताम (फेंसिंग), सुजेय तंबोली (बैडमिंटन), आयुष माखिजा (बैडमिंटन), संजू देवी (कबड्डी), रीमा राय (सॉफ्ट टेनिस), मिशा कुमारी (नेटबॉल) एवं लक्की यादव (पैरा एथलेटिक्स).

शहीद कौशल यादव पुरस्कार: दिव्यांशु देवांगन (शूटिंग), विक्रम राज (आर्चरी), दिव्यांश अग्रवाल (बैडमिंटन), सोनिका राजवाड़े (एथलेटिक्स), स्वप्निल प्रधान (वुशू), भूमिका चौधरी (नेटबॉल), पूजा (नेटबॉल) एवं निखिल कुमार यादव (पैरा एथलेटिक्स).
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: अजय दीप सारंग (वेटलिफ्टिंग).
शहीद पंकज विक्रम सम्मान: संस्कार दिवान (वुशू), विद्या सिंह (वुशू), अंकुश सिंह (खो-खो), झमिता साहू (खो-खो), हेमशिखर (वॉलीबॉल), अरन्दिम देवनाथ (टेबल टेनिस), स्नेहा न्योगी (जूडो), अनमोल सिंह (जूडो), यश केरकेट्टा (बॉक्सिंग), टुकेश साहू (जिम्नास्टिक), सेमेश्वर सिंह (पैरा स्विमिंग), श्रीकांत पाण्डे (पैरा जूडो) एवं खुशाल यादव (हॉकी).
शहीद विनोद चौबे सम्मान: गंगेश्वर (एथलेटिक्स), ख्वाजा अहमद (वॉलीबॉल), एवन कुमार जैन (वेटलिफ्टिंग), मो. अकरम खान (वॉलीबॉल) एवं प्रदीप जोशी (टेबल टेनिस).
मुख्यमंत्री ट्रॉफी: तीरंदाजी सीनियर महिला टीम एवं सॉफ्ट टेनिस जूनियर बालिका टीम.
छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था फेल, यहां चल रही वसूली: भूपेश बघेल
फंडामेंटल जेनेटिक्स की परीक्षा रद्द, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जारी किया आदेश
छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: 2 दिनों के बाद बदलेगा मौसम, इन जिलों में शुरू होगी झमाझम बारिश

