ETV Bharat / state

Mahila Morcha President : राखी राठौड़ बोलीं- बीजेपी में तीसरी नजर, जो आपके काम को देखती है

भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर राखी राठौड़ ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया. ईटीवी भारत से की खास बातचीत.

Rakhi Rathore
नवनियुक्त अध्यक्ष राखी राठौड़ (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 1, 2026 at 8:43 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता राखी राठौड़ को पार्टी के महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने नियुक्ति के आदेश जारी किए. यह नियुक्ति बीजेपी द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और पार्टी-संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. राखी राठौड़ की नियुक्ति से पार्टी को अपने महिला वर्ग में और भी ज्यादा ताकत और प्रभावी नेतृत्व मिल सकता है, क्योंकि उन्होंने पहले भी कई महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लिया है. पार्षद से प्रवक्ता और अब महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनने पर ईटीवी भारत से खास बात करते हुए राखी राठौड़ ने कहा- बीजेपी एक ऐसी पार्टी है, जिसमें एक 'तीसरी आंख' है, जो सिर्फ आपकी नीयत और कार्य को ही नहीं देखती, बल्कि उसे सही तरीके से पहचानती भी है.

नेतृत्व का हृदय से आभार : राखी राठौड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मुझे भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं. एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी में कार्य और समर्पण के आधार पर हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. राखी राठौड़ ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों से मुलाकात की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर नारी शक्ति अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को सशक्त करने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है. भाजपा संगठन में भी महिलाओं को प्रतिनिधित्व देकर उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है.

राखी राठौड़ की ईटीवी भारत से खास बातचीत, सुनिए... (ETV Bharat Jaipur)

जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य किया : राखी राठौड़ ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की टीम लगातार जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य कर रही है और आगे भी महिलाओं को संगठन से जोड़ने, उन्हें जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा. पार्टी में नई ऊर्जा, नए विचार और नए अनुभवों के साथ काम करना संगठन को और अधिक मजबूत बनाता है. महिला सुरक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए राखी राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में एनसीआरबी की रिपोर्ट में दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति में रहा.

पढ़ें : डोटासरा के आरोपों पर राखी राठौड़ का पलटवार, कहा- कांग्रेस सरकार ने अंग्रेजी शिक्षा के नाम से नाथी का बड़ा चलाया

वर्तमान भाजपा सरकार को जो विरासत मिली है, उसे सुधारने में निश्चित रूप से थोड़ा समय लगेगा, लेकिन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं लगातार कानून-व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. सरकार द्वारा अपराधों पर नियंत्रण और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में राजस्थान की प्रत्येक महिला स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करेगी. केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी.

पढ़ें : MLA Fund Case : राठौड़ बोले- कसाब को भी मौका दिया था, हम न्याय का पालन करेंगे, कार्यशाला में बनेगा जीत का रोडमैप

बीजेपी में तीसरी आंख आपके काम को देखती है : राखी राठौड़ ने पार्टी की कार्यशैली की सराहना की और कहा कि बीजेपी में सभी का काम खुले दिल से देखा जाता है, चाहे वह किसी भी स्तर पर हो. यह एक ऐसी पार्टी है जो महिलाओं की आवाज को न केवल सुनती है, बल्कि उसे सशक्त भी बनाती है. बीजेपी में तीसरी आंख आपके काम को देखती है. राखी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह इस नए जिम्मेदारी के साथ महिलाओं के अधिकारों को लेकर और अधिक सक्रिय रहेंगी और पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी. राखी राठौड़ की नियुक्ति बीजेपी के महिला मोर्चा के लिए एक नया अध्याय हो सकती है, क्योंकि पार्टी महिला नेताओं को लेकर पहले ही अपनी नीतियों में सुधार और बदलाव करने की दिशा में काम कर रही है. राखी राठौड़ के पास संगठनात्मक काम का लंबा अनुभव है और उनकी सक्रियता से पार्टी को फायदा होगा.