भिवानी में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिता का आगाज, 2500 से अधिक खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
भिवानी के भीम स्टेडियम में 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ.

Published : August 18, 2026 at 5:49 PM IST
|Updated : August 18, 2026 at 6:10 PM IST
भिवानीः भीम स्टेडियम भिवानी में 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ. तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ का उद्घाटन भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि किया. इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया सहित शिक्षा व खेल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. प्रतियोगिता के तहत राज्यभर के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.
'यहां से बेहतरीन प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी': भिवानी की जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया ने बताया कि "तीन दिवसीय इस राज्य स्तरीय आयोजन में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में लड़कों की बॉक्सिंग यानी मुक्केबाजी और लड़कियों की एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं." उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 2590 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें विभिन्न जिलों से 830 बॉक्सर छात्र और 1760 एथलीट छात्राएं शामिल हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से बेहतरीन प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाएंगी.
अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भिवानी ने देश को सबसे ज्यादा पदक दिलाए हैंः इस दौरान सांसद धर्मवीर सिंह ने कहा कि "हरियाणा के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर खेलों का विभाजन किया गया है और भिवानी को मुक्केबाजी व एथलेटिक्स जैसे महत्वपूर्ण खेलों की मेजबानी मिली है." उन्होंने कहा कि "भिवानी खेलों की धरती रही है, जहां के खिलाड़ियों, खासकर बेटियों ने कॉमनवेल्थ और अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश को सबसे ज्यादा पदक दिलाए हैं. सांसद ने उम्मीद जताई कि इन्हीं बाल खिलाड़ियों में से भविष्य के ओलंपियन और एशियाई खेलों के पदक विजेता तैयार होंगे. निकट भविष्य में भिवानी में सभी पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में केंद्रीय खेल मंत्री की उपस्थिति में एक भव्य राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने समाज से नशा, मिलावट और भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर आगे आने का आह्वान भी किया.
क्या बोले खिलाड़ीः प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे विभिन्न जिलों के प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आयोजन को लेकर भारी उत्साह दिखाया. खिलाड़ी प्रियांश, शिवांश व ओजस का कहना है कि "भीम स्टेडियम में प्रतियोगिता का स्तर बहुत अच्छा है और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है." खिलाड़ियों ने प्रशासन और खेल विभाग द्वारा की गई आवास, भोजन व खेल मैदानों की व्यवस्थाओं को भी काफी बेहतर और संतोषजनक बताया.

