ETV Bharat / state

डोटासरा ने फसल मुआवजे में भेदभाव के आरोप लगाए, कहा- केवल भाजपा विधायकों के क्षेत्रों को ही मिल रहा है मुआवजा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ अरावली सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी.

discrimination in crop compensation
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Etv Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 24, 2025 at 3:41 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: अतिवृष्टि से राजस्थान में हुई फसल क्षति के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी 1400 करोड़ रुपए के मुआवजे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि यह राशि भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में ही वितरित की जा रही है, जबकि कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों में किसानों को मुआवजा नहीं दिया जा रहा है.

डोटासरा ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया​ कि प्रदेश में अतिवृष्टि से फसल खराब हर क्षेत्र में हुई है, लेकिन मुआवजा केवल भाजपा विधायकों वाले क्षेत्रों में दिया जा रहा है. जहां कांग्रेस का वोट बैंक है या कांग्रेस विधायक हैं, वहां मुआवजा नहीं दिया जा रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र से मिली सहायता राशि का वितरण भाजपा विधायकों के क्षेत्रों तक ही सीमित रखा जाए.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा (Etv Bharat Jaipur)

पढ़ें: राष्ट्रीय राजमार्ग 148 के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में भेदभाव से किसानों में आक्रोश

मनरेगा में 'मनमानी' का भी आरोप: पीसीसी अध्यक्ष ने मनरेगा में भी बदलावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्र सरकार अपनी मनमर्जी से बजट का पैसा खर्च कर सके, इसलिए नियमों में बदलाव किए गए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान द्वारा प्रदत्त समानता के अधिकार को खत्म करना चाहती है और देश के संसाधनों का अधिकार केवल दो-तीन लोगों को दे दिया है. डोटासरा ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान में ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह हावी है. उन्होंने दावा किया कि ब्यूरोक्रेट मुख्यमंत्री की नहीं सुनते, मुख्यमंत्री मंत्रियों की नहीं सुनते, मंत्री विधायकों की नहीं सुनते और विधायक जनता की नहीं सुन रहे. उन्होंने भाजपा द्वारा शुरू किए गए जनसुनवाई कार्यक्रम के अनिश्चितकालीन स्थगन पर भी सवाल उठाए.

यह भी पढ़ें: शिविर में भड़के मंत्री, कलेक्टर को लगाई फटकार, डोटासरा, जूली बोले- ये तस्वीर सुशासन की पोल खोल रही

प्रभारी मंत्रियों की अनसुनी: सीकर के प्रभारी मंत्री संजय शर्मा और वहां के जिला कलेक्टर के बीच हुई नोंकझोंक का उल्लेख करते हुए डोटासरा ने कहा कि कई जिलों में प्रभारी मंत्रियों की बात कलेक्टर और अधिकारी नहीं मान रहे. उन्होंने कहा कि जब प्रभारी मंत्री ही अपने क्षेत्र में काम नहीं करवा पा रहे, तो जनता का भला कैसे होगा? उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री तक एक आम नागरिक की अर्जी पर ब्यूरोक्रेसी से काम नहीं करवा पा रहे.

विधानसभा सत्र में उठाएंगे मुद्दे: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र में कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ अरावली सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी. उन्होंने कहा कि सरकार को पता चल जाएगा कि पहली बार उनका सामना एक मजबूत विपक्ष से हुआ है. हम जनता से जुड़े मुद्दे उठाकर सरकार से सवाल करेंगे.