होली में चाकूबाजी और युवक की हत्या, रंगों का उत्सव मातम में तब्दील
रायपुर में होली के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : March 4, 2026 at 5:55 PM IST
रायपुर: पूरे छत्तीसगढ़ में होली का त्योहार मनाया जा रहा है. इस रंगोत्सव के बीच रायपुर में चाकूबाजी हुई है. होली खेलतने के दौरान रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में विवाद के बाद चाकू गोदकर युवक की हत्या कर दी गई. विवाद में 18 वर्षीय युवक नीरज लोधी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. आरंग पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं. जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.
होली खेलने के दौरान चाकूबाजी
आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि बुधवार की सुबह लगभग 12:00 बजे वार्ड नंबर 2 स्थित साहू पारा में कुछ अज्ञात आरोपियों ने 18 वर्षीय युवक नीरज लोधी को रंग लगाने के लिए रास्ते में रोका था. रंग लगाने के साथ ही उनके साथ बदतमीजी की गई. इसी बीच विवाद बढ़ गया और हुड़दंगियों ने चाकू से युवक की हत्या कर दी. जिसके घटनास्थल से फरार हो गए.
आरंग में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है- हरीश साहू, आरंग थाना प्रभारी
होली के दिन घर में मातम
जानकारी के मुताबिक मृतक नीरज लोधी अपने घर का इकलौता चिराग था. वह अपने दो दोस्तों के साथ आज घूमने के लिए निकला था. तभी रास्ते में हुड़दंगियों ने रंग लगाने के बहाने उसे रोका. उसके बाद रंग लगाने को लेकर नीरज के साथ आरोपियों का विवाद बढ़ने लगा. इस विवाद के बाद हुड़दंगियों ने चाकू गोदकर नीरज लोधी की हत्या कर दी. जैसे तैसे नीरज के दोस्त अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले. नीरज के शरीर और सिर पर चाकू से गंभीर वार किए गए, जिससे घटनास्थल पर ही नीरज लोधी की मौत हो गई.

