दारोगा पर कथित उगाही का आरोप, वीडियो हुआ वायरल, SSP ने किया लाइन हाजिर
हरिद्वार के लंढौरा चौकी इंचार्ज का कथित उगाही करते वायरल वीडियो पर एसएसपी ने एक्शन लिया.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : January 20, 2026 at 10:39 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढौरा चौकी का है. जहां पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक का कथित रूप से रुपए लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन रोशनाबाद भेज दिया है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो मित्र पुलिस को शर्मसार कर रहा है. बताया गया है कि वायरल वीडियो लंढौरा चौकी प्रभारी महिपाल सैनी का है. वीडियो में महिपाल सैनी अन्य पुलिस कर्मियों के साथ टैंकरों से तेल निकालने वाले लोगों से पैसों का लेनदेन करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया. एसएसपी ने प्रथम दृष्टया अनुशासनहीनता, भ्रष्ट आचरण और विभाग की छवि धूमिल करने का दोषी मानते हुए उपनिरीक्षक महिपाल सैनी को लंढौरा चौकी प्रभारी पद से हटा दिया और पुलिस लाइन रोशनाबाद संबद्ध (अटैच) कर दिया है.
हालांकि, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में भ्रष्टाचार, लापरवाही और गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी पुलिसकर्मी को नहीं बख्शा जाएगा. एसएसपी डोबाल ने कहा कि पुलिस महकमे में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
बहरहाल, एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के इस कड़े फैसले के बाद जिलेभर के पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और यह कार्रवाई अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी एक सख्त संदेश माने जा रहा है.
ये भी पढ़ें:

