श्रीगंगानगर में बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई हेरोइन और अफीम बरामद, दो गिरफ्तार
श्रीगंगानगर के रावला मंडी में पुलिस ने सीमा के पास ड्रोन से भेजी गई हेरोइन और अफीम बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है.

Published : August 24, 2026 at 6:55 PM IST
श्रीगंगानगर: रावला मंडी में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे चक 8 एसकेएम इलाके में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ भेजे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 505 ग्राम हेरोइन और 471 ग्राम अफीम बरामद की है.
थानाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि आरोपियों को नशे की यह खेप पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए मिलने की जानकारी सामने आई है. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. थाना रावला पुलिस ने चक 2 केएम से चक 8 एसकेएम जाने वाले रोही मार्ग पर 505 ग्राम हेरोइन और 471 ग्राम अफीम बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
इसे भी पढ़ें- बीकानेर पुलिस ने ड्रोन तस्करी के मास्टरमाइंड को दबोचा: 75 हजार का इनाम, 22 मामले दर्ज, पाकिस्तान से हेरोइन-हथियार मंगवाता था
ड्रोन एक्टिविटी की सूचना पर हुई कार्रवाई: थानाधिकारी बलवंत कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सीआईडी (आईबी) के जवान मनीष कुमार से उन्हें सूचना मिली थी कि रात में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र चक 08 एसकेएम में पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन की हलचल हुई है और मादक पदार्थ की तस्करी की पूरी संभावना है. इस सूचना के बाद विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया गया. इस दौरान चक 02 केएम से 08 एसकेएम जाने वाले आम रास्ते पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया.
कपड़े के थैले में छिपा रखी थी हेरोइन: थानाधिकारी ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान आजाद खान (28) निवासी चक 08 एसकेएम और राजकुमार (24) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान आजाद खान और राजकुमार के पास से 505 ग्राम हेरोइन तथा 471 ग्राम अफीम बरामद हुई. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया, "रात को हमारे परिचित जसपाल उर्फ गग्गू ने हमें बताया था कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए ये दोनों पैकेट चक 08 एसकेएम रोही में गिराए गए हैं. हम दोनों इन पैकेटों को छिपाने के लिए खेतों में ले जा रहे थे."
पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 8/18 और 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है. थानाधिकारी ने बताया कि आरोपियों से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. इस मामले की आगे की जांच श्रीविजयनगर के थानाधिकारी इमरान खान को सौंप दी गई है.
इसे भी पढ़ें- बड़ी साजिश नाकाम: खाजूवाला में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास 10 किलो हेरोइन और 11 पिस्टल के साथ ड्रोन बरामद

