घड़साना किसान आंदोलन: वार्ता बेनतीजा होने पर बेनीवाल नागौर रवाना, 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन चक्का जाम का ऐलान
किसान नेता ने ऐलान किया कि सोमवार से चक्का जाम समाप्त किया जा रहा है, लेकिन घड़साना तहसील परिसर के सामने धरना जारी रहेगा.

Published : October 12, 2026 at 10:40 AM IST
श्रीगंगानगर : अनूपगढ़ शाखा में सिंचाई पानी की नियमित व्यवस्था की मांग को लेकर चल रहा किसान आंदोलन एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. किसानों और प्रशासन के बीच रविवार रात हुई उच्चस्तरीय वार्ता बेनतीजा रहने के बाद नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल नागौर के लिए रवाना हो गए. बेनीवाल ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह 14 अक्टूबर को दोबारा घड़साना आएंगे और हनुमानगढ़ में चीफ इंजीनियर का घेराव करेंगे.
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि किसानों को उनके हक का पानी दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा. घड़साना और रावला क्षेत्र के किसान पिछले करीब 25 वर्षों से सिंचाई पानी की समस्या को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. सरकार को यह नहीं समझना चाहिए कि आंदोलन लंबा खींचने से किसान थककर घर लौट जाएंगे. किसानों की मांग जमीन या किसी अन्य विवाद को लेकर नहीं, बल्कि खेतों के लिए पानी की नियमित व्यवस्था करने की है.
इसे भी पढ़ें. Farmer Protest : अनूपगढ़ सिंचाई पानी पर प्रशासन से बातचीत फिर बेनतीजा, बेनीवाल बोले- किसान अपना हक लेना जानते हैं
उन्होंने कहा कि किसान बातचीत के माध्यम से समाधान चाहते हैं, लेकिन उनकी मांगों को लगातार टालना उचित नहीं है. यदि बातचीत से समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. बेनीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किसानों के हितों की बात करने वाले नेताओं को उनकी परेशानी के समय भी आगे आना चाहिए. वहीं, किसान नेता नरेंद्र मान ने ऐलान किया कि सोमवार से चक्का जाम समाप्त किया जा रहा है, लेकिन घड़साना तहसील परिसर के सामने धरना जारी रहेगा.
चक्का जाम स्थगित, धरना जारी रहेगा : किसान नेता नरेंद्र मान ने बताया कि किसानों की मांगों का स्थायी समाधान नहीं होने की स्थिति में 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा. किसान नेताओं के इस ऐलान के बाद अब आंदोलन की अगली रणनीति 14 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम पर केंद्रित हो गई है. किसानों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि केवल आश्वासन से समाधान नहीं होगा, बल्कि सिंचाई पानी की बारी को लेकर ठोस निर्णय होना चाहिए.
इसे भी पढ़ें. सिंचाई पानी की मांग को लेकर अनूपगढ़ बंद, ADM कार्यालय घेराव की तैयारी
बिरधवाल हेड पर कब्जे की भी चेतावनी : आंदोलन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अनूपगढ़ शाखा में उनकी मांगों के अनुरूप पानी का रेगुलेशन जारी नहीं किया गया तो बिरधवाल हेड पर कब्जा कर पानी का प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाया जा सकता है. किसानों की प्रमुख मांग अक्टूबर में सरसों की बुवाई के लिए दो बारी पानी देने की है. किसानों का कहना है कि बुवाई का समय निकलने पर फसल उत्पादन प्रभावित होगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और सिंचाई विभाग की होगी. ऐसे में पानी की बारी पर जल्द निर्णय लिया जाना जरूरी है.
इससे पहले रविवार को भारतमाला राष्ट्रीय राजमार्ग-911 पर 12 एमडी टोल नाके के पास किसानों का जमावड़ा रहा. सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों ने दूसरे दिन भी हाईवे पर जाम रखा. हजारों किसानों के बीच पहुंचे सांसद हनुमान बेनीवाल ने सरकार और प्रशासन पर किसानों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. दिनभर सभाओं, नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन का दौर चला. देर शाम प्रशासन की पहल पर किसान बचाओ-खेत बचाओ संघर्ष समिति की कोर कमेटी के 15 सदस्य अनूपगढ़ पहुंचे, जहां करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई. इसके बाद किसान प्रतिनिधि अपना प्रस्ताव लेकर धरनास्थल पर लौट आए.
हमारी स्पष्ट मांग है कि सरकार घड़साना में आंदोलनरत किसानों की सभी मांगों को स्वीकार कर उनका सम्मानजनक समाधान करे, लेकिन सरकार की हठधर्मिता पर अड़ी हुई है | चूंकि पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के नामांकन में अब केवल दो दिन शेष हैं, इसलिए फिलहाल चुनावी जिम्मेदारियों के निर्वहन के बाद दो दिन पश्चात संघर्ष समिति आंदोलन को जिस भी दिशा में आगे ले जाने का निर्णय करेगी, मैं किसानों के साथ पुनः मजबूती से खड़ा मिलूंगा। किसानों के हक, अधिकार और सम्मान की लड़ाई में मेरा साथ हमेशा इन किसानों के साथ रहेगा |
— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) October 11, 2026
इसे भी पढ़ें. बूंदी में यूरिया के लिए किसान सड़क पर, मेगा हाईवे पर चक्काजाम, बोले-खाद नहीं मिला तो बुवाई पिछड़ेगी
मुख्य मतभेद पानी की बारी की संख्या को लेकर : रात करीब 9:30 बजे प्रशासन के अधिकारी एक बार फिर धरनास्थल पहुंचे. इसके बाद रात 10:45 बजे तक वार्ता चली, लेकिन पानी की बारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी. वार्ता विफल होने के बाद आंदोलन के अगले चरण को लेकर किसानों ने रणनीति बनाई. सिंचाई पानी के रेगुलेशन को लेकर सरकार और किसानों के बीच मुख्य मतभेद पानी की बारी की संख्या को लेकर है. सरकार की ओर से पांच बारी पानी देने और जनवरी में समीक्षा के बाद दो अतिरिक्त बारी पर विचार करने का प्रस्ताव सामने आया, जबकि किसान प्रतिनिधि छह बारी पानी सुनिश्चित करने और समीक्षा के बाद दो अतिरिक्त बारी देने की मांग पर अड़े रहे.
किसानों का कहना है कि अनूपगढ़ शाखा के किसानों को रबी फसलों की बुवाई से लेकर पकाव तक पर्याप्त पानी मिलना जरूरी है. अक्टूबर में सरसों की बुवाई के लिए दो बारी पानी नहीं मिलने से फसल की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है. किसानों की मांग है कि पानी का रेगुलेशन इस तरह तय किया जाए, जिससे उन्हें बार-बार आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़े और सिंचाई के लिए स्थायी व्यवस्था बन सके. इसी मांग पर सहमति नहीं बनने के कारण उच्चस्तरीय वार्ता भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी.
इसे भी पढ़ें. सिंचाई पानी की मांग को लेकर घड़साना में किसानों का आंदोलन तेज, काली पट्टी बांधकर निकाली रैली, रावला मंडी बंद
धरनास्थल पर लंगर और किसान नेताओं की मौजूदगी : रविवार को धरनास्थल पर दिनभर किसान सभा और विरोध प्रदर्शन जारी रहा. हनुमान बेनीवाल ने किसानों को संबोधित किया. किसान नेता नरेंद्र मान, राजेश पूनिया, मांगीलाल देहड़ू, नीरज निठारवाल, गुरभेज सिंह गिल, आत्मा सिंह, संदीप सिंह, सुरेश सहारण, प्रदीप बिश्नोई एडवोकेट और मनफूल जाखड़ सहित अन्य नेताओं ने आंदोलन की रणनीति और किसान एकजुटता पर अपने विचार रखे. किसानों के लिए लंगर भेजा गया. धरनास्थल पर किसानों के भोजन और चाय-पानी की व्यवस्था भी की गई.

