महंगाई-क्राइम-पेपर लीक-बिजली कटौती के मुद्दे पर बहराइच और बरेली में सपाईयों का प्रदर्शन, लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं पर दर्ज होंगे FIR
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों व पुलिसकर्मियों में हुई नोंक झोंक, जमकर नारेबाजी, मजिस्ट्रेट ने एफआईआर की कही बात

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 3, 2026 at 5:20 PM IST
बहराइच/बरेली: लगातार लीक हो रही परीक्षा व बिजली कटौती के समेत 8 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ता बहराइच कलेक्ट्रेट पहुंचे. जहां समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों व पुलिस के बीच तीखी नोंक झोंक हुई. इस दौरान हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुला लिया गया. जिसके बाद सभी को धरना स्थल ले जाया गया. नगर मजिस्ट्रेट की ओर से सभी पर कार्रवाई की बात कही गई है.
बता दें कि बुधवार को लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वर नंद यादव के नेतृत्व में 8 सूत्रीय राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे. इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों की ओर से शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय में जाने का प्रयास किया गया. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने के दौरान पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोंक झोंक हो गई.
प्रदर्शन की सूचना पाते ही नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद द्वारा सपाइयों को बाहर जाने की बात कही. साथ ही प्रदर्शन कर रहे पदाधिकारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई. इसके साथ ही सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा व कोतवाली नगर पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया. पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी को बाहर ले गई. इस दौरान परिसर में अफरा तफरी का माहौल बना रहा.
लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नंदेश्वर नंद यादव ने कहा कि सपाईयों की ओर से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने आए थे. मगर उनको रोका गया. आज उन लोगों द्वारा लगातार लीक हो रही परीक्षा व बिजली कटौती के समेत अन्य मांगो को लेकर ज्ञापन देना था. मगर उनके साथ नोक झोंक की गई. प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों को लगाया गया था.
महंगाई और क्राइम को लेकर सपा महिला विंग का प्रदर्शन
बरेली: बढ़ती महंगाई और महिलाओं से जुड़े क्राइम में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला सभा की कार्यकर्ताओं ने बरेली में अनोखा प्रदर्शन किया. तपती धूप में चूल्हा जलाकर महिलाओं ने रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन भेजा गया. ज्ञापन में एलपीजी सिलेंडर की बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने, छोटे व्यापारियों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता करने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने और महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की गई.
यह भी पढ़ें: गेस्ट हाउस कांड की भाजपा नेता ने दिलाई याद, सपा पर साधा निशाना

