ETV Bharat / state

खेल मंत्री राठौड़ बोले, 'खाली कुर्सी की बात करने वालों ने अपनी फोटो लगा बांट दी 200 करोड़ की टीशर्ट'

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के दौरान राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को अवसर देने में विश्वास करती है.

Rathore and CM Bhajanlal Sharma at the Youth Festival
युवा महोत्सव में राठौड़ और सीएम भजनलाल शर्मा (Source - CMO)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 12, 2026 at 6:44 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग सरकार के कार्यक्रमों में खाली कुर्सियों की तस्वीरें दिखाकर राजनीति कर रहे हैं, वही लोग जनता के पैसों से 200 करोड़ रुपए की टी-शर्ट अपनी फोटो लगाकर बांट चुके हैं. इस मौके पर सीएम भजनलाल शर्मा ने नवीन युवा नीति-2026 और राजस्थान रोजगार नीति-2026 जारी की.

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के सोमवार को समापन पर राठौड़ ने कहा कि पहले की सरकारों ने युवाओं के नाम पर सिर्फ प्रचार किया, जबकि वर्तमान सरकार खेल, संस्कृति और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है. खेल मंत्री ने कहा कि युवा महोत्सव के जरिए प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है. युवा महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और आत्मविश्वास को मंच देने का प्रयास है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को अवसर देने में विश्वास रखती है, न कि दिखावटी प्रचार में.

राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर साधा निशाना (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: 'हुनर और हिम्मत हो तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता': युवा महोत्सव के उद्घाटन पर बोले मंत्री विश्नोई

युवाओं से जुड़ी बड़ी सौगात: इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे. उन्होंने युवाओं को लेकर बड़ी घोषणा की. शर्मा ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया. योजना के माध्यम से 1 लाख युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण देकर सूक्ष्म उद्यमी के रूप में तैयार किया जाएगा. योजना का पात्र होने के लिए राजस्थान का स्थायी निवासी होना चाहिए और आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए.

पढ़ें: राष्ट्रीय युवा महोत्सव में PM के समक्ष प्रस्तुति देकर संजय सिंह ने बढ़ाया बाड़मेर का मान

नवीन युवा नीति-2026: मुख्यमंत्री ने इस दौरान राजस्थान युवा नीति-2026 भी जारी की. इस नीति के तहत शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं के लिए उभरते क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार किया जाएगा. साथ ही, उनका व्यक्तित्व विकास कर स्थानीय शासन व निर्णय-प्रक्रिया में उनकी भागीदारी भी बढ़ाई जाएगी. इस नीति में युवा अनुकूल स्वास्थ्य सेवाओं और खेलों के विस्तार, लैंगिक हिंसा की रोकथाम, युवा कलाकारों के संवर्धन के साथ ही, सतत विकास में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया है.

पढ़ें: सीएम ने युवाओं को दिए यूथ आइकॉन अवार्ड, कहा-विकसित राजस्थान बनाने में युवाओं की अहम भूमिका

राजस्थान रोजगार नीति-2026: सीएम ने कार्यक्रम में राजस्थान रोजगार नीति-2026 भी जारी की. इस नीति के तहत रोजगार और उद्यमशीलता पर केंद्रित बहुआयामी रणनीति के माध्यम से मार्च 2029 तक 15 लाख रोजगार के अवसरों को सुलभ बनाया जाएगा. नीति के निष्पादन, निगरानी एवं सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए, राजस्थान रोजगार पोर्टल (ईईएमएस 2.0) रोजगार कार्यालय (एम्प्लाॅयमेंट एक्सचेंज) को एकीकृत, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जाएगा. साथ ही इसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ई-जॉब फेयर की सुविधा को शामिल किया गया है.