ETV Bharat / state

5 से 15 साल के बच्चों का होगा फिटनेस टेस्ट, खेल मंत्री राठौड़ बोले- प्रतिभाओं को तलाश कर जिला स्तर तक लाएगा खेल विभाग

खेल मंत्री ने कहा-बच्चों की फिटनेस जांच के लिए बैटरी टेस्ट की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है.

Players practicing sports
खेल की प्रैक्टिस करते खिलाड़ी (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : October 26, 2026 at 5:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने के लिए खेल विभाग 'खेलो राजस्थान' का आयोजन करने जा रहा है. खास बात यह है कि बच्चों को स्कूल स्तर से ही खेलों के लिए तैयार किया जाएगा. खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया- राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इसका आयोजन योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा. इसके तहत करीब 12 से 13 खेलों का चरणबद्ध आयोजन होगा. पहले चरण में तीन से चार खेल करवाए जाएंगे. इसके बाद अंतराल रखते हुए अगले खेल आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक खेल पर फोकस किया जा सके और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मौका मिले.

गांव-गांव से प्रतिभा तलाशेगा खेल विभाग: खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा- खेलो राजस्थान को लेकर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है. खेल विभाग के साथ शिक्षा विभाग और प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी. इसका उद्देश्य केवल खेलों के आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों से प्रतिभाओं को तलाश कर उन्हें जिला स्तर तक लाना और नियमित अभ्यास के जरिए बेहतर खिलाड़ी तैयार करना है.

खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ बोले... (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: राजस्थान के खिलाड़ियों को अब मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की डाइट, ड्राई फ्रूट और नॉनवेज भी होंगे शामिल

फिटनेस के लिए स्कूलों में टेस्ट होंगे: खेल मंत्री ने कहा- खेलों को केवल मनोरंजन या फिटनेस तक सीमित रखने के बजाय उनमें से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने पर भी जोर दिया जा रहा है. इसी दिशा में पांच से 15 साल तक के बच्चों के लिए फिटनेस टेस्ट शुरू करने की पहल की गई है. इसके तहत बच्चों की शारीरिक क्षमता, लचीलापन, सहनशक्ति और ताकत का आकलन किया जाएगा. स्कूलों में बच्चों के रिपोर्ट कार्ड में केवल परीक्षा के अंकों के बजाय उनकी शारीरिक फिटनेस की जानकारी भी शामिल करने की दिशा में काम किया जा रहा है.

पढ़ें: 2014 के बाद देश को मिली नई लीडरशीप, नई पहचान और सुदृढ़ अर्थव्यवस्था-कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़

बच्चों की फिटनेस जांच के लिए बैटरी टेस्ट की शुरुआत: खेल मंत्री ने कहा- बच्चों की फिटनेस जांच के लिए बैटरी टेस्ट की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है. अब इसे सभी स्कूलों तक पहुंचाने की योजना है. टेस्ट के जरिए बच्चों की फिटनेस से संबंधित रिकॉर्ड शिक्षा विभाग के पास रखा जाएगा. इन परीक्षणों में बेहतर शारीरिक क्षमता दिखाने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें खेलों के लिए तैयार करने पर जोर दिया जाएगा. मंत्री का कहना है कि इससे शुरुआती उम्र में ही खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें नियमित प्रशिक्षण देने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें- जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में बनेंगे बास्केटबॉल के अंतरराष्ट्रीय स्तर के दो वुडन कोर्ट