बिहार में NH पर भीषण सड़क हादसा, कार ने तीन ई-रिक्शा को रौंदा, डेढ़ दर्जन घायल.. एक की मौत
शेखपुरा में NH-333A पर भीषण हादसा हुआ. तेज रफ्तार कार ने तीन ई-रिक्शाओं को टक्कर मार दी. डेढ़ दर्जन से अधिक घायल, एक की मौत.

Published : February 20, 2026 at 1:43 PM IST
शेखपुरा: बिहरा के शेखपुरा जिले के टाउन थाना क्षेत्र के एकसारी गांव के पास एनएच 333ए पर बड़ा हादसा हुआ है. देर शाम एक तेज रफ्तार जाइलो कार ने तीन ई-रिक्शाओं में जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक बुजुर्ग महिला अनाशिया देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई. घायलों में बुजुर्ग महिलाएं, बच्चे और परीक्षार्थी शामिल हैं, जो ई-रिक्शा से मनीअंडा, चेवाड़ा, माने, जलालपुर और बजरंगबीघा गांव की ओर जा रहे थे.
तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिकंदरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार जाइलो कार अचानक बेकाबू हो गई और एक के बाद एक तीन ई-रिक्शाओं को टक्कर मारते हुए उड़ा दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शाओं के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया.
घटनास्थल पर मचा हाहाकार: हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. डायल-112 और एंबुलेंस टीम जल्दी पहुंची और सभी घायलों को सदर अस्पताल शेखपुरा पहुंचाया गया. कुछ स्थानीय युवकों ने भी अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. घायल महिला ने बताया की वो अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ ई-रिक्शा पर सवार होकर जलालपुर से माले जा रहे थे. तभी तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और उसके परिवार के सभी लोग घायल हैं.
"हमारा पूरा परिवार ई-रिक्शा पर सवार होकर जलालपुर से माले जा रहा था, तभी कार ने टक्कर मार दी. मेरे पति और बेटा आगे बैठे थे. मेरे बेटे का दोनों पैर टूट गया है."-पीड़िता
कई घायल पटना रेफर: बड़ी संख्या में घायलों के एक साथ पहुंचने से सदर अस्पताल में अफरातफरी मच गई. पहले से भर्ती मरीजों को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर घायलों का इलाज शुरू किया गया. गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है. घायलों की पहचान विभिन्न गांवों के निवासियों के रूप में हुई है, जिसमें बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं.
घायलों और मृत की सूची: घायलों में स्वीटी कुमारी (20), कारो लाल यादव (50), दिलखुश कुमार (35), वरजीत कुमार (30), राजकुमार (28), रणजीत कुमार (45), नंद किशोर शर्मा (65), केशवा देवी (52), रीता देवी (55), लव कुश कुमार (13), मालिनी कुमारी (13), गायत्री देवी (45), ज्योति कुमारी (45), पुष्पा कुमारी (20), सुनीता देवी (32), विशुनदेव पासवान (50), मुन्ना पंडित (36), संजय कुमार (59) शामिल हैं. एक बुजुर्ग महिला अनाशिया देवी की मौत हो गई है.
कैसे हुआ हादसा: स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर पत्थर ढोने वाले ट्रक से गिट्टी बिखर गई थी, जिससे करीब 100 मीटर तक सड़क प्रभावित थी. वाहन एक लेन छोड़कर दूसरी लेन से गुजर रहे थे, जिससे आमने-सामने की स्थिति बनी. ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह से गिट्टी बिखरी होने के बावजूद प्रशासन या यातायात पुलिस ने इसे हटाने का प्रयास नहीं किया, जिससे हादसा टाला जा सकता था.
"इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती है. तीन माह पूर्व भी इसी इलाके में एक बड़ी सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो चुकी है. प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग है."-ग्रामीण
तीन किलोमीटर लंबा जाम: हादसे के बाद सड़क पर लगभग तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे शादी-विवाह के मौसम में बारातियां भी फंस गईं. पुलिस ने जेसीबी की मदद से बिखरे पत्थर हटवाकर यातायात बहाल कराया.
क्या कहती है पुलिस?: घटना की सूचना मिलते ही डीएम शेखर आनंद, एसपी बलराम कुमार चौधरी, एएसपी डॉ. राकेश कुमार, एसडीएम प्रियंका कुमारी और अन्य अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों का हाल जाना और इलाज के निर्देश दिए. एसपी ने यातायात व्यवस्था में लापरवाही पर फटकार लगाई और दोषियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी. एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
"शेखपुरा थाना अंतर्गत सड़क हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं. सुबह सड़क पर किसी ट्रक से गिट्टी भी गिर गई थी, जिसे हटा लिया गया है. कार चालक अभी फरार है, आगे की कार्रवाई की जा रही है."- डॉ. राकेश कुमार, एएसपी, शेखपुरा
ये भी पढ़ें-
बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, स्कूल बस और ट्रक की टक्कर, दो शिक्षकों की मौत.. कई छात्र घायल
बिहार में दर्दनाक हादसा, बेटी का तिलक चढ़ाकर लौट रहे पिता समेत तीन की मौत, दो की हालत नाजुक

