ETV Bharat / state

रुड़की में तेज रफ्तार का कहर, कार चालक ने वाहनों को मारी टक्कर, एक युवक की हालत नाजुक

रुड़की में तेज रफ्तार कार चालक ने पहले बाइक को फिर कार को जोरदार टक्कर मार दी. घटना में युवक घायल हो गया.

Roorkee car accident
रुड़की में तेज रफ्तार का कहर (Photo-ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : May 4, 2026 at 11:17 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. दरअसल, एक कार चालक ने सड़क पर ऐसा तांडव मचाया कि कई गाड़ियां उसकी चपेट में आ गईं और कार चालक की लापरवाही ने एक युवक की जिंदगी को खतरे में डाल दिया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल के डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक मानते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि कार चालक के साथ एक युवती भी मूजूद थी और दोनों नशे में होने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है. घटना से लोगों में दहशत फैल गई.

दरअसल, मामला रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां पर एक आई टेन (I,10) कार बीएसएम कॉलेज की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी, बताया गया है कि कार चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने एक एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, स्थानीय लोगों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद घायल युवक को आनन-फानन में पास के हेमंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया.

लेकिन हादसा यहीं नहीं रुका, बताया गया है कि आरोपी कार चालक ने कार को और तेज दौड़ा दिया और शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं स्थानीय लोगों ने घटनास्थल से थोड़ा आगे मालवीय चौक के पास जाकर कार चालक को पकड़ लिया, इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार चालक नशे की हालत में बताया गया, साथ ही कार में एक युवती भी मौजूद बताई गई है. गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है. उनका कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

पढ़ें: हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, उफनती नहर में गिरी कार, बच्चे समेत 4 लोगों की मौत, 3 घायल