दुर्घटना से देर भली! सोलन में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिरी, CCTV फुटेज वायरल
सोलन में चंडीगढ़ शिमला NH-5 पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. हादसे का CCTV फुटेज देख उड़ जाएंगे होश.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 24, 2026 at 11:51 AM IST
|Updated : June 24, 2026 at 12:41 PM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में आए दिन सड़क हादसे पेश आ रहे हैं. ऐसा ही एक नया मामला NH-5 पर सोलन में भी पेश आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हुई है. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना चंडीगढ़ शिमला नेशनल हाईवे 5 पर सोलन सब्जी मंडी के समीप पेश आई है, जहां एक तेज रफ्तार कार सब्जी मंडी के पास बने पुल से सीधा नीचे जा गिरी. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
सोलन में तेज रफ्तार का कहर!
मंगलवार को जिस समय हादसा पेश आया उस समय सब्जी मंडी सोलन के आसपास काफी मात्रा में लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने मौके पर जाकर गाड़ी में सवार दोनों लोगों को बाहर निकाला. यह पूरी घटना सोलन सब्जी मंडी में लगे CCTV कैमरे में पूरी तरह से कैद हो गई लेकिन यहां पर सवाल अब ट्रैफिक नियमों को लेकर उठ रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार तेज रफ्तार में होने के चलते हादसे का शिकार हुई है. राहत की बात यह है कि हादसे के वक्त कार में सवार दो लोगों को हल्की चोटें आईं हैं, लेकिन गड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि, NH-5 पर रोजाना सड़क हादसे पेश आ रहे हैं. सोमवार को भी सड़क किनारे खड़ी 4 से 5 गाड़ियों को एक ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया था. इस घटना के बाद से लोगों में भारी आक्रोश है.

जांच में जुटी पुलिस
वहीं, एसपी सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि, "दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है. नियम के अनुसार इस मामले में कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस पूरे मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है."

ये भी पढ़ें: हिमाचल में ताश के पत्तों की तरह गिरा पुल, ऊपर से गुजरा रहा डंपर खड्ड में गिरा
ये भी पढ़ें: 50 साल पुराने पुलों पर सरकार की बड़ी नजर, सुरक्षा ऑडिट शुरू, जर्जर पाए गए तो बनेंगे नए ब्रिज

