ETV Bharat / state

तेज रफ्तार बाइक ने कार को मारी टक्कर, हाईवे पर टला बड़ा हादसा, जानिये कैसे

मामला गदरपुर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां एक बाइक सवार ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मारी है.

GADARPUR CAR BIKE COLLISION
तेज रफ्तार बाइक ने कार को मारी टक्कर (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : March 4, 2026 at 5:35 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रुद्रपुर: ऊधमसिंह नगर जिले में रुद्रपुर–काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. गदरपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महतोश मोड़ के पास खड़ी कार में पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के पिछले हिस्से का शीशा पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क पर बिखर गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई. सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया.

मामला गदरपुर कोतवाली क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार रुद्रपुर से रामनगर की ओर जा रही एक कार एनएच-74 पर महतोश मोड़ के पास साइड में खड़ी थी. कार सवार लोग होली पर्व मनाने के लिए रामनगर जा रहे थे. रास्ते में कुछ सामान लेने के उद्देश्य से उन्होंने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया और नीचे उतर गए. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे कार के पिछले हिस्से से जा टकराई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला शीशा पूरी तरह टूट गया. कांच के टुकड़े सड़क पर दूर-दूर तक फैल गए. तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हालांकि राहत की बात यह रही कि बाइक सवार और कार में मौजूद किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई. सभी लोग सुरक्षित पाए गए.

घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बाइक सवार और कार सवारों से पूछताछ की. पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और आपसी सहमति से मामला निपटाते हुए उन्हें आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया.

एनएच-74 पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. यह हादसा भले ही बिना किसी हताहत के टल गया, लेकिन इसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार से बचें. सड़क पर खड़े वाहनों के पास से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.

पढे़ं- रुद्रपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से सिक्योरिटी गार्ड की मौत