यात्रियों के लिए खुशखबरी: अहमदाबाद से पटना के बीच कोटा होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन, केवल 9 स्टेशनों पर होगा ठहराव
'ट्रेन ऑन डिमांड' के रूप में अहमदाबाद से पटना के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. यह ट्रेन कोटा होकर चलेगी.

Published : July 6, 2026 at 8:59 AM IST
कोटा: रेलवे ने अतिरिक्त यात्री भार के चलते 'ट्रेन ऑन डिमांड' के रूप में अहमदाबाद से पटना के बीच एक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. यह आने और जाने वाली ट्रेन कोटा होकर चलेगी. इसके तहत अहमदाबाद से 8 जुलाई और पटना से 10 जुलाई को यह ट्रेन चलेगी. इसमें काफी कम स्टेशनों पर स्टॉपेज रखा गया है. केवल 9 स्टेशनों पर ठहरेगी. यात्रियों को ट्रेन में वर्तमान में अहमदाबाद से पटना के बीच में कंफर्म टिकट भी मिल रहे हैं.
कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वर्तमान में बिहार से गुजरात जाने वाली ट्रेनों में काफी यात्री भार आ रहा है, इसी के लिए ट्रेन चलाई जा रही है. इसके तहत ट्रेन नंबर 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल ट्रेन 8 जुलाई बुधवार रात 7:25 पर अहमदाबाद से रवाना होगी. इसके बाद तड़के 3:50 पर कोटा आएगी. गुरुवार सुबह 9:55 पर आगरा फोर्ट और रात 12:30 बजे पटना जंक्शन पहुंच जाएगी.
वापसी में ट्रेन नंबर 09448 पटना से 10 जुलाई शुक्रवार रात 10:30 पर यह ट्रेन रवाना होगी. इसके बाद आगरा फोर्ट से शनिवार दोपहर 12:00 बजे रवाना होगी. इसके बाद शाम 4:35 पर कोटा और मध्य रात्रि बाद 2:20 पर अहमदाबाद पहुंच जाएगी. ट्रेन में सेकंड सीटिंग, स्लीपर और थर्ड एसी के कोच लगाए जाएंगे. ट्रेन आते और जाते समय छायापुरी, रतलाम, कोटा, आगरा फोर्ट, कानपुर सेंट्रल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन पर स्टॉपेज करेगी.
दयोदय एक्सप्रेस रहेगी आंशिक रद्द: मध्य प्रदेश के जबलपुर से अजमेर के बीच कोटा व जयपुर होकर चल रही दयोदय एक्सप्रेस ट्रेन अक्टूबर में एक दिन आंशिक रद्द रहेगी. किशनगढ़ में पुलिया निर्माण के चलते ब्लॉक लिया जाएगा. इसी के चलते 24 अक्टूबर को जबलपुर से चलने वाली दयोदय एक्सप्रेस केवल जयपुर तक ही जाएगी. जयपुर से अजमेर के बीच में यह आंशिक रद्द रहेगी. ट्रेन जयपुर 25 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे पहुंचती है. वापसी में यह ट्रेन 25 अक्टूबर को अजमेर की जगह जयपुर से ही चलेगी.

