भीषण गर्मी में चंडीगढ़ बर्ड पार्क में विदेशी पक्षियों के लिए खास इंतजाम, पर्यटकों की उमड़ी भीड़, बच्चों में दिखा उत्साह
चंडीगढ़ बर्डपार्क में विदेशी पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. छुट्टियों में पर्यटकों और बच्चों की भीड़ बढ़ी है.

Published : May 28, 2026 at 10:26 AM IST
|Updated : May 28, 2026 at 1:16 PM IST
चंडीगढ़: लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी का असर अब केवल इंसानों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि विदेशी पक्षियों की देखभाल भी बड़ी चुनौती बन गई है. सुखना लेक के पास बने चंडीगढ़ बर्ड पार्क में इन दिनों पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. वहीं गर्मियों की छुट्टियों के चलते पार्क में पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. खासकर बच्चे विदेशी पक्षियों को देखकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं.
पक्षियों को गर्मी से बचाने के लिए खास व्यवस्था: बर्ड पार्क प्रशासन की ओर से पक्षियों के लिए ठंडे और साफ पानी की विशेष व्यवस्था की गई है. दिनभर उनके पिंजरों और आसपास के क्षेत्र में पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि वातावरण ठंडा बना रहे. पीने वाले पानी को दिन में कई बार बदला जा रहा है. इसके अलावा खुले एरिया और पिंजरों में मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाया गया है, जिससे तापमान नियंत्रित रखा जा सके. विंग्स ऑफ वंडर सेक्शन में बड़े कूलर भी लगाए गए हैं.
खाने में किए गए बदलाव: गर्मी को देखते हुए विदेशी पक्षियों के खाने में भी बदलाव किया गया है. उन्हें तरबूज, खरबूजा, खीरा और अन्य जूस वाले फल दिए जा रहे हैं ताकि उनके शरीर में पानी की कमी न हो. कई स्थानों पर मिट्टी के बर्तनों में पानी रखा गया है, जिससे प्राकृतिक रूप से ठंडक बनी रहे.

विदेशी पक्षी बने आकर्षण का केंद्र: पार्क में मौजूद मकाऊ, लव बर्ड्स, ब्लैक स्वान समेत कई विदेशी प्रजातियों के पक्षी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. छुट्टियों के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ यहां पहुंच रहे हैं. बच्चे विदेशी पक्षियों को देखकर बेहद खुश दिखाई दिए और कई लोग पक्षियों के साथ फोटो व सेल्फी लेते नजर आए.
अधिकारियों ने बताया खास इंतजाम: वन एवं वन्यजीव विभाग के डायरेक्टर और मुख्य वन्यजीव वार्डन सौरभ कुमार ने कहा कि, "बढ़ती गर्मी को देखते हुए बर्ड पार्क के समय में बदलाव किया गया है ताकि लोग सुबह और शाम के ठंडे समय में यहां घूम सकें. पक्षियों के लिए मिस्ट स्प्रे और आर्टिफिशियल रेन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. पार्क में विदेशी पक्षियों की संख्या पहले की तुलना में बढ़ी है. यहां लाए गए पक्षियों की अच्छी ब्रीडिंग हो रही है. इस समय ब्लैक स्वान ब्रीडिंग कर रही है, जो हमारे लिए अच्छी खबर है."

बच्चों और पर्यटकों में दिखा उत्साह: दिल्ली से परिवार के साथ घूमने आई 12 वर्षीय बच्ची अनाया ने कहा कि, "मैंने पहली बार इतने रंग-बिरंगे पक्षी देखे. मकाऊ मुझे सबसे ज्यादा पसंद आया." वहीं, चंडीगढ़ निवासी सीमा शर्मा ने कहा कि, "यह जगह बच्चों के लिए बहुत अच्छी है. यहां आकर प्रकृति और पक्षियों के बारे में काफी कुछ सीखने को मिलता है." पर्यटक दृष्टि ने कहा कि, "गर्मी ज्यादा है लेकिन पार्क में अच्छी व्यवस्था की गई है. वहीं, पर्यटक मिथिलेश ने कहा कि, "यहां पक्षियों की देखभाल देखकर अच्छा लग रहा है."

स्वास्थ्य पर लगातार नजर: अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में पक्षियों की सेहत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. यदि किसी पक्षी में कमजोरी या बीमारी के लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत वेटरनरी डॉक्टर की मदद ली जाती है. प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी गर्मी को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम जारी रहेंगे.

