ETV Bharat / state

IGMC कर्मचारियों को मिलेगी बस की सुविधा, 4 जून से होगा ट्रायल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल कर्मचारियों के लिए जल्द ही स्पेशल बस की सुविधा शुरू होने जा रही है.

आईजीएमसी शिमला
आईजीएमसी शिमला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : June 3, 2026 at 10:01 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) एवं दंत चिकित्सालय के कर्मचारियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित विशेष बस सेवा 4 जून से शुरू होने जा रही है. आईजीएमसी प्रशासन ने कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सेवा को 4 जून से 6 जून 2026 तक ट्रायल आधार पर संचालित करने का निर्णय लिया है. इस पहल से अस्पताल और कॉलेज में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों को आने-जाने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

आईजीएमसी एवं दंत चिकित्सालय कर्मचारी संघ ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के लिए बस सेवा की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, जिसे अब प्रशासन और सरकार ने स्वीकार किया है. ट्रायल अवधि के दौरान कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में बसों का उपयोग करने और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया गया है, ताकि भविष्य में इस सेवा को नियमित रूप से जारी रखा जा सके.

संघ का कहना है कि परीक्षण अवधि में कर्मचारियों से प्राप्त सुझावों और सामने आने वाली कमियों को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा, जिससे सेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. कर्मचारियों के लिए बस पास आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और इच्छुक कर्मचारी निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन कर सकते हैं.

कर्मचारी संघ के प्रधान हरिन्द्र सिंह मैहता, महामंत्री हनीश ठाकुर, संयुक्त सचिव रंजीत और कोषाध्यक्ष अरविंद पाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, स्थानीय विधायक हरीश जनारथा और आईजीएमसी प्रशासन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के सहयोग से यह सेवा सफल होगी और जल्द ही नियमित रूप से संचालित की जाएगी.

ये भी पढ़ें: बाहरी राज्यों से शादी के बाद हिमाचल बसने वाली महिलाओं को नहीं मिलेगा आरक्षण का लाभ, HC का बड़ा फैसला