सिद्धार्थनगर में सपा ने बैलगाड़ी से निकाला मार्च, मंहगाई-नीट पेपर लीक पर विरोध जताया, माता प्रसाद बोले- सरकार उद्यमियों के हाथों में खेल रही
जिलाध्यक्ष लालजी यादव, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन भी सौंपा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : June 1, 2026 at 5:52 PM IST
|Updated : June 1, 2026 at 6:20 PM IST
सिद्धार्थनगर : समाजवादी पार्टी ने महंगाई, खाद संकट और पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. सपा कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया.
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लालजी यादव तथा नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन भी सौंपा.
भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार को सभी मोर्चों पर पूरी तरह फेल बताया. साथ ही आगामी दिनों में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी.
सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय की अगुवाई में भारी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया.
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा, सरकार सिर्फ जुमले बाजी करती है और आंकड़े मेंटेन करती है. जमीन पर प्रदेश और पूरे देश की हालत खराब है. कुछ अमीरों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार देश की जनता को अंधकार में धकेल रही है.
आज किसान खाद के लिए भटक रहे हैं, डीजल की उपलब्धता प्रभावित है और गैस सिलेंडर के लिए लोगों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है. सरकार सिर्फ दावे और वादे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान है.
सपा नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों और आम जनता की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी.
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि भाजपा की सरकार तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए ही पेट्रोलियम पदार्थों का मूल्य बढ़ा रही है. जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का दाम कम था तब भी इन्होंने तेल का दाम कम न करके तेल कम्पनियों को खूब मुनाफा कमवाया. यह यद्यमियों के हाथों में खेल रही है. सरकार को इसका मूल्य कम करना चाहिए.
यह भी पढ़ें : सोनभद्र में एनकाउंटर में पकड़ा गया पंजाब का तस्कर, होंडा सिटी कार से 50 लाख रुपये से अधिक का नशा बरामद

