वाराणसी में महंगाई के खिलाफ सपा नेताओं का हल्ला बोल
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने हाथों में सब्जियों की माला और चीनी, दाल लेकर प्रदर्शन किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 27, 2026 at 8:25 PM IST
वाराणसी: देश में महंगाई को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. चीनी के बढ़े रेट और सब्जियों की बढ़ी कीमतों ने विपक्ष को सरकार को घेरने का मौका दे दिया है. यही वजह है कि एक तरफ कांग्रेस तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी बीजेपी पर हमलावर है. आज वाराणसी की सड़कों पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने उतरकर महंगाई के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने हाथों में सब्जियों की माला, चीनी, दाल और अन्य सामग्री लेकर प्रधानमंत्री जन संपर्क कार्यालय की तरफ कूंच किया ही था कि पुलिस ने उन्हें रोक लिया. पुलिस और पार्टी नेताओं में बीच नोंकझोंक भी हुई, इसके बाद समाजवादी पार्टी की महिला नेत्री ने पुलिस वालों के हाथों में राखी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और महंगाई कम करने की मांग की.
इस संबंध में समाजवादी पार्टी की नेत्री रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि आज पूरे देश में कमर तोड़ महंगाई है. लोगों के सामने खाने का संकट है, रक्षाबंधन और दीपावली जैसे बड़े पर्व के पहले एथेनॉल के नाम पर चीनी का दाम बढ़ा दिया गया, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है.
महिला नेत्री ने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई ने जनता को बेहाल कर दिया है. इस पर पब्लिक को भी मंथन करने की जरूरत है, क्योंकि यह सरकार जनता का हित नहीं अहित चाह रही है.
वहीं सपा नेता संदीप मिश्रा का कहना था कि यह अपने आप में बहुत बड़ा अपराध है कि पब्लिक को त्यौहार के टाइम पर मिठाइयों से दूर किया जा रहा है. खाद्य सामग्री के दाम जिस तरह से बढ़े हैं, वह लोगों को परेशान कर रहे हैं. चीनी, तेल, दाल, चावल के साथ सभी चीजों की कीमतों में इजाफा होआ है.
यह इजाफा अचानक से नहीं बल्कि एक सोची समझी साजिश के तहत किया गया है, जो कहीं से भी सही नहीं है. पब्लिक को त्योहारों के समय इस तरह से महंगाई की मार से परेशान करना सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: सपा का बड़ा दांव: अखिलेश यादव ने किया 'महिला समृद्धि सम्मान योजना' का ऐलान, हर साल मिलेंगे 40 हजार रुपये

