मुजफ्फरनगर में सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट; करणी सेना के प्रदेश सचिव पर आरोप, जानिये क्या है पूरा मामला?
एसपी सिटी सत्यनाराण प्रजापत ने बताया कि करणी सेना के नेता को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 2, 2026 at 10:40 PM IST
मुजफ्फरनगर : जिले में सपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है. आरोप करणी सेना भारत के प्रदेश सचिव पर लगा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को प्रदेश सचिव को हिरासत में ले लिया है. मामले की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक थाने पर पहुंच गये. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
कैंडल मार्च निकालने जा रहे थे सपा नेता : सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शाम करीब 5:30 बजे सपा कार्यालय से चलकर बाहर महावीर चौक पर बांग्लादेश व कनाडा में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ कैंडल मार्च निकालने जा रहे थे. आरोप है कि इस दौरान करणी सेना भारत के प्रदेश सचिव गौरव चौहान सपा कार्यालय पहुंच गये और हमला कर दिया.
बता दें कि दो दिन पहले भाजपा नेता संगीत सोम की बयानबाजी के बाद सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. सपा नेता ने संगीत सोम को हारा हुआ मानसिक रोगी कहा था. सपा जिलाध्यक्ष के इस बयान से करणी सेना के नेता खफा थे.

