ETV Bharat / state

गन्नौर नपा चुनाव पर फिर ग्रहण: एसडीएम की तबीयत बिगड़ी, चुनाव स्थगित, पार्षदों ने हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी

गन्नौर नगरपालिका में एसडीएम की तबीयत बिगड़ने से वाइस चेयरमैन चुनाव टला.पार्षदों ने राजनीतिक दबाव का आरोप लगाकर हाईकोर्ट जाने की बात कही.

Ganaur Municipality VC Election
गन्नौर नपा चुनाव पर फिर ग्रहण (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : August 20, 2026 at 1:45 PM IST

|

Updated : August 20, 2026 at 2:25 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सोनीपत: सोनीपत के गन्नौर नगरपालिका में करीब एक साल से खाली पड़े वाइस चेयरमैन पद का चुनाव एक बार फिर टल गया. गुरुवार को चुनाव होना था, लेकिन चुनाव से ठीक पहले एसडीएम के अचानक छुट्टी पर जाने के कारण प्रक्रिया स्थगित कर दी गई. नगरपालिका सचिव ने पत्र जारी कर सभी पार्षदों को इसकी सूचना दी और एसडीएम की तबीयत खराब होने को चुनाव स्थगित होने का कारण बताया.

चुनाव टलते ही पार्षदों में रोष: चुनाव स्थगित होने की सूचना मिलते ही पार्षदों में रोष फैल गया. पार्षदों ने आरोप लगाया कि चुनाव को रोकने के पीछे राजनीतिक दबाव हो सकता है. उनका कहना है कि पहले भी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है. लंबे समय से पद खाली होने के बावजूद चुनाव नहीं हो पाना अब नगरपालिका की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है.

एसडीएम की तबीयत बिगड़ी, चुनाव स्थगित (ETV Bharat)

हाईकोर्ट के आदेश की दी चेतावनी: पार्षदों ने कहा कि हाईकोर्ट ने एक महीने के भीतर चुनाव कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई. अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना की है. चुनाव लगातार टलने से अब उन्हें न्यायालय का रुख करना पड़ेगा. पार्षद नरेश वर्मा ने कहा कि, "हमारी एकजुटता से विपक्ष घबराया हुआ है. राजनीतिक दबाव के चलते चुनाव टालने का प्रयास किया जा रहा है. हम इस मामले को हाईकोर्ट में उठाएंगे." वहीं, पार्षद अंकित त्यागी ने कहा कि, "चुनाव टालने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है. अगर हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद चुनाव नहीं कराया गया तो अधिकारियों को भी अदालत में जवाब देना पड़ेगा."

फिर अधर में लटका उपाध्यक्ष का चुनाव: गन्नौर नगरपालिका में वाइस चेयरमैन का पद लंबे समय से खाली है. अब चुनाव स्थगित होने के बाद इसकी अगली तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. वहीं पार्षदों के तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मामला और राजनीतिक तूल पकड़ सकता है.

ये भी पढ़ें:सोनीपत के सरकारी स्कूल में शिक्षा मंत्री का औचक निरीक्षण, बोले- 'शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द चलेगा ट्रांसफर ड्राइव'

Last Updated : August 20, 2026 at 2:25 PM IST