ऐसा क्या हुआ कि घर आकर बेटे ने तलवार से काट दी मां की गर्दन, शहडोल में दिल दहला देने वाली घटना
शहडोल के धनपुरी थाना क्षेत्र की घटना, राक्षस बनकर आया कलयुगी बेटा, पल भर में ले ली जान

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 13, 2026 at 8:40 AM IST
शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल से एक कलयुगी बेटे की हैवानियत का मामला सामने आया है, जहां उसने अपनी ही मां को तलवार मारकर मौत के घाट उतार दिया है. इस घटना से जहां पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, तो वहीं हर किसी के मन में ये सवाल है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि बेटा ही अपनी मां की जान का दुश्मन बन गया और बेरहमी से उसका कत्ल कर दिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी हुई है.
गर्दन पर तीन बार तलवार से वार
मामला शहडोल के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कछियान टोला का है, जहां मोहन लोधी नाम के व्यक्ति ने सोमवार दोपहर इस हत्याकांड को अंजाम दिया, जिसके बाद से उसके परिजन ही नहीं बल्कि पड़ोस में रहने वाले भी हैरान और परेशान हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहन लोधी ने अपनी मां मुन्नी बाई पर तब तलवार से हमला किया जब वह अपने घर के आंगन में डेली रूटीन का काम कर रही थी. मोहन लोधी तलवार लेकर आया और बिना कुछ बोले मां की गर्दन पर एक के बाद एक तीन बार कर दिए, हमले में मुन्नी बाई की मौके पर ही मौत हो गई है. मां की हत्या करने के बाद आरोपी खून से सनी तलवार हाथ में लेकर के घर के बाहर निकल गया और सड़क से जाने लगा, ये मंजर देख पड़ोस के लोग भी दहशत में आ गए और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी, हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही धनपुरी थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और घर के पास ही घूम रहे आरोपी को तलवार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस द्वारा आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है और हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है. आरोपी के खिलाफ हत्या सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है.
यह भी पढ़ें-
- मिस्ट्री बना शहडोल का गर्ल्स हॉस्टल, अचानक गायब हो रहीं लड़कियां, हॉस्टल सुपरिटेंडेंट निलंबित
- MSP को लेकर बड़ा अपडेट, 13 जनवरी के पहले नहीं किया ये काम तो हो सकता है बड़ा नुकसान
ऐसा क्या हुआ कि मां का कर दिया कत्ल?
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान ने बताया, '' धनपुरी थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी मां की तलवार से हत्या कर दी है. मामला सामने आया है, लेकिन आरोपी ने हत्या किस वजह से की उन कारणों की जांच की जा रही है, आरोपी को हिरासत में लेकर के पूछताछ जारी है, आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है.''

